Ad image

चमोली हादसे में हताहत लोगों के परिजनों से मिलकर भावुक हुए सीएम धामी, हर संभव मदद का दिया भरोसा

Garhninad Desk
3 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली दुर्घटना में हताहत होमगार्ड जवानों को दी श्रद्धांजलि।
दुर्घटना के कारणों की जाएगी निष्पक्ष जांच- सीएम।
जिला अस्पताल में भर्ती बाकी 5 घायलों को भी उच्च स्तरीय इलाज के लिए भेजा एम्स ऋषिकेश।

चमोली 20 जुलाई,2023। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को सुबह चमोली पहुंचे। उन्होंने जिला अस्पताल गोपेश्वर में भर्ती हादसे के सभी घायलों का हाल जाना। चमोली हादसे में हताहत लोगों के परिजनों से मिलकर मुख्यमंत्री काफी भावुक नजर आए। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना देते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। पुलिस मैदान गोपेश्वर में मुख्यमंत्री ने चमोली हादसे में हताहत होमगार्ड के तीनों जवानों के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित करते हुए नम आंखों से श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ये बहुत हृदय विदारक घटना है। हम ईश्वर से प्रार्थना करेंगे कि इस घटना में जो हताहत हुए हैं उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दें और उनके परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। राज्य सरकार की तरफ से मुआवजा, इलाज आदि से संबंधित सभी व्यवस्थाएं की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्घटना के कारणों की गहन जांच की जाएगी और दोषियों को बख्शा नही जाएगा।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी चमोली में हुए हादसे में हर एक मृतक के परिजनों से मिले। उन्होंने सभी को सांत्वना दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुःख की इस घड़ी में राज्य सरकार उनके साथ है। सरकार द्वारा परिजनों को हर संभव मदद दी जाएगी।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला अस्पताल में भर्ती चमोली हादसे के बाकी 5 घालयों को भी आज गुरूवार को एयरलिफ्ट करके एम्स ऋषिकेश भेजा गया है। सीएम ने कहा कि एम्स ऋषिकेश में घायलों को मानसिक दबाव से मुक्त करने और उच्च स्तरीय स्वास्थ्य जांच के लिए भेजा जा रहा है। चमोली हादसे के सभी 11 घायलों का इलाज ऋषिकेश एम्स में चल रहा है।

इस दौरान पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, स्वास्थ्य मंत्री डॉ धन सिंह रावत, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा आदि सहित डीआईजी केएस नगन्याल, जिलाधिकारी हिमांशु खुराना, पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।


Please click to share News
Share This Article
error: Content is protected !!