विभिन्न विद्यालयों में आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल, 11 नवंबर 2024 । जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, टिहरी गढ़वाल के तत्वावधान में एवं जिलाधिकारी महोदय के आदेशानुसार, जिले के विभिन्न विकासखंडों के विद्यालयों में आपदा प्रबंधन, खोज-बचाव, जन जागरूकता एवं विद्यालयी सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज विकासखंड भिलंगना के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मेड में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान कुल 95 छात्रों, छात्राओं, अध्यापकों, अध्यापिकाओं और स्टाफ को प्राकृतिक आपदाओं जैसे भूकंप, भूस्खलन, और अन्य आपदाओं के पूर्व, दौरान, और पश्चात् सुरक्षा उपायों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इसके साथ ही प्राथमिक उपचार, सीपीआर, आपातकालीन स्थिति में सीमित संसाधनों से स्ट्रेचर बनाने, खोज-बचाव तकनीकें, और आवश्यक टोल-फ्री नंबरों की जानकारी भी दी गई। प्रशिक्षुओं को खोज-बचाव में उपयोग होने वाले बुनियादी उपकरणों के बारे में भी अवगत कराया गया।

प्रशिक्षण का संचालन मास्टर ट्रेनर अनिल सकलानी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री सुशील कुड़ियाल, अध्यापिका श्रीमती सुमन तथा अन्य स्टाफ सदस्य एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। इस तरह के कार्यक्रम आपदा के समय सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहायक साबित होंगे और आपदा प्रबंधन के लिए आवश्यक ज्ञान को सुदृढ़ करेंगे।

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रयासों से जिले के विद्यालयों में आपदा से निपटने के लिए तैयारियों का यह अभियान जारी रहेगा।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!