टिहरी गढ़वाल। त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2025 के पहले और दूसरे चरण के मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हो चुके हैं। अब 31 जुलाई को जनपद टिहरी गढ़वाल के सभी विकासखंडों में होने वाली मतगणना के लिए पुलिस द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभी मतगणना स्थलों पर शांतिपूर्ण प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
ब्लॉक चंबा और नरेंद्रनगर में अपर पुलिस अधीक्षक जे.आर. जोशी, जखनीधार और घनसाली में क्षेत्राधिकारी ओशिन जोशी, देवप्रयाग और कीर्तिनगर में क्षेत्राधिकारी सुरेन्द्र सिंह भंडारी, जौनपुर में क्षेत्राधिकारी महेश लखेड़ा तथा थौलधार और प्रतापनगर में मुख्य अग्निशमन अधिकारी संजीव कुमार को तैनात किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी श्री आयुष अग्रवाल ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर स्ट्रांग रूम की सुरक्षा और मतगणना प्रक्रिया की शांति बनाए रखें। उन्होंने बताया कि मतदान शांतिपूर्वक संपन्न कराए गए थे और उसी प्रकार मतगणना ड्यूटी भी सफलतापूर्वक संपन्न की जाएगी।





