रिपोर्ट : सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’
टिहरी गढ़वाल । जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) टिहरी की ओर से विकासखंड चंबा में सेवारत शिक्षकों का तीन दिवसीय कौशलम् प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हो गया है। प्रशिक्षण में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट स्तर के शिक्षकों के अलग-अलग बैच बनाकर उन्हें कौशल विकास से जुड़ी जानकारियां और व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों को दक्ष बनाकर उनके माध्यम से विद्यार्थियों को रोजगारपरक कौशल की जानकारी देना है, ताकि छात्र-छात्राएं अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप भविष्य में इन कौशलों का उपयोग कर सकें। इंटरमीडिएट स्तर के शिक्षकों का प्रशिक्षण राजकीय महाविद्यालय चंबा तथा कक्षा 9 से 12 तक के शिक्षकों का प्रशिक्षण श्रीदेव सुमन राजकीय इंटर कॉलेज चंबा में आयोजित किया जा रहा है।
राजकीय इंटर कॉलेज छपराधार के प्रधानाचार्य गबर सिंह चौहान के व्यवस्थापन में संचालित प्रशिक्षण में राजकीय महाविद्यालय चंबा में अनिल कोठारी एवं उम्मेद सिंह मनवाल प्रशिक्षण दे रहे हैं। प्रशिक्षण के बाद विद्यालयों में इसका क्रियान्वयन किया जाएगा। डायट एवं शिक्षा विभाग की ओर से समय-समय पर इसकी निगरानी भी की जाएगी।
प्रशिक्षण के प्रथम दिवस शिक्षाविद् सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’ ने दोनों प्रशिक्षण केंद्रों पर पहुंचकर शिक्षकों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कौशलम् प्रशिक्षण की उपयोगिता, उद्देश्य और वर्तमान समय में इसकी प्रासंगिकता पर अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि इस पहल से विद्यार्थियों के कौशल विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने शिक्षकों से प्रशिक्षण को गंभीरता से लेते हुए इसका लाभ विद्यार्थियों तक पहुंचाने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने कौशल विकास पर स्वरचित कविताओं के माध्यम से भी शिक्षकों को प्रेरित किया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य एवं मुख्य प्रशिक्षक गबर सिंह चौहान, अनिल कोठारी और उम्मेद सिंह मनवाल ने सकलानी का शिक्षकों से परिचय कराया और उनके मार्गदर्शन के लिए आभार जताया। प्रशिक्षण में अर्जुन सिंह रावत, जगदीश ग्रामीण, भारती सकलानी, रीना बहुगुणा, संगीता चौहान सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।




