रेडक्रॉस प्रशिक्षण के तीसरे दिन SDRF टीम ने विद्यार्थियों को सिखाए जीवन रक्षक उपाय

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल । डॉ. पूर्णानंद इंटर कॉलेज में रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा संचालित चार दिवसीय आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम के तीसरे दिवस पर बुधवार को उत्तराखंड राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीम ने विद्यार्थियों को आपदा के दौरान जीवन बचाने के अहम तरीकों की जानकारी दी। इस अवसर पर SDRF ढालवाला टीम ने लगभग 35 छात्र-छात्राओं को आपदा प्रबंधन से संबंधित व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया।

टीम ने विद्यार्थियों को बताया कि आपदा क्या होती है, इसके प्रकार — जैसे प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाएँ — क्या हैं, और आपदा के पूर्व, दौरान एवं बाद में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की जानकारी दी। प्रशिक्षकों ने प्राथमिक उपचार (First Aid) के अंतर्गत रक्तस्राव नियंत्रण, सीपीआर (Cardio Pulmonary Resuscitation) तथा एफबीएओ (Foreign Body Airway Obstruction) जैसी जीवनरक्षक तकनीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया।

प्रशिक्षण के दौरान SDRF टीम ने आपदा प्रबंधन में प्रयुक्त होने वाले उपकरणों — रोप, एसेंडर, डिसेंडर, सीट हार्नेस, हेलमेट, स्ट्रेचर, फर्स्ट एड किट, थ्रो बैग, लाइफ बोया, लाइफ जैकेट आदि — की जानकारी दी और उनके उपयोग की विधि समझाई। टीम ने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार की गांठें (Knots) बनाने का अभ्यास भी कराया और उन्हें स्व-अभ्यास के लिए प्रेरित किया।

टीम ने संदेश दिया कि आपदा के समय घबराने के बजाय सजगता, तत्परता और टीम भावना से कार्य करना सबसे प्रभावी बचाव है। ऐसे प्रशिक्षण से युवाओं में आपदा के प्रति जागरूकता बढ़ती है और वे समाज के लिए एक उपयोगी सहयोगी बनते हैं।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं रेडक्रॉस प्रतिनिधि उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने SDRF ढालवाला टीम का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों के आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।

प्रशिक्षण देने वाली SDRF टीम के सदस्य:
उप निरीक्षक पंकज सिंह खरोला, किशोर कुमार, मातबर, सुमित, राहुल एवं सर्वजीत

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!