11 जनवरी को उत्तराखंड बंद की तैयारी को लेकर प्रमुख संगठनों ने की बैठक

टिहरी गढ़वाल, 7 जनवरी 2026। राज्य आंदोलनकारी मंच के कार्यकारी अध्यक्ष देवेंद्र नौडियाल की अध्यक्षता में भू-भूम्याल जागृति मंच, यूकेडी, टैक्सी यूनियन समेत विभिन्न संगठनों के नेताओं ने 11 जनवरी को प्रस्तावित उत्तराखंड बंद की रणनीति तय करने के लिए महत्वपूर्ण बैठक की।
इस बैठक में भू-भूम्याल जागृति मंच के संयोजक देवेंद्र नौडियाल, यूकेडी शहर अध्यक्ष मनीष सकलानी, टैक्सी यूनियन अध्यक्ष टीकम चौहान, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष गंगा भगत सिंह नेगी, अमित पंत, राहुल बुटोला, भगवान चंद रमोला और महिपाल नेगी ने भाग लिया।
सभी संगठनों ने बंद को सफल बनाने के लिए व्यापक जनसमर्थन जुटाने और परिवहन, व्यापारिक प्रतिष्ठानों को बंद रखने की योजना पर चर्चा की।
देवेंद्र नौडियाल ने बताया कि यह बंद अंकिता भंडारी प्रकरण की सीबीआई जांच को लेकर किया जा रहा है। नेताओं ने सभी से अपील की है कि वे इस बंद में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। बैठक में बंद के दौरान शांतिपूर्ण प्रदर्शन और आवश्यक सेवाओं को छूट देने की अपील की गई है।



