देहरादून में पीएम मोदी ने ₹12,000 करोड़ के दिल्ली–देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का लोकार्पण, उत्तराखंड को मिली बड़ी सौगात
देहरादून/दिल्ली। देहरादून में पीएम मोदी ने ₹12,000 करोड़ के दिल्ली–देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का लोकार्पण, उत्तराखंड को मिली बड़ी सौगात।
नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड के देहरादून में दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करते हुए क्षेत्र के विकास को नई गति देने की बात कही। इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने के बाद दिल्ली से देहरादून तक की दूरी अब महज ढाई घंटे में पूरी हो सकेगी। पहले जहां दोनों शहरों के बीच लगभग 250 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती थी, वहीं एक्सप्रेसवे बनने के बाद यह दूरी घटकर करीब 213 किलोमीटर रह गई है। इस दौरान प्रधानमंत्री जी ने श्री डाट काली मंदिर (देहरादून) में पूजा-अर्चना की।

उद्घाटन से पहले प्रधानमंत्री ने शहर में भव्य रोड शो भी किया। करीब 12 किलोमीटर लंबे रोड शो के दौरान सड़कों के दोनों ओर भारी संख्या में लोग जुटे रहे और प्रधानमंत्री का स्वागत किया। लोगों के उत्साह के कारण काफिला धीरे-धीरे आगे बढ़ा, जिससे कार्यक्रम में देरी भी हुई।
प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए देरी के लिए लोगों से क्षमा मांगी। उन्होंने कहा कि वे समय से निकले थे, लेकिन जनता के स्नेह और भीड़ के कारण वाहन को आगे बढ़ाना मुश्किल हो गया। धीरे-धीरे काफिला आगे बढ़ा और इसी वजह से एक घंटे से अधिक की देरी हुई।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह एक्सप्रेसवे उत्तराखंड के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, उद्योगों को सुविधा मिलेगी और दिल्ली-एनसीआर सहित सहारनपुर क्षेत्र से देहरादून की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क नेटवर्क से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में उत्तराखंड के राज्यपाल गुरमीत सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट सहित पूर्व मुख्यमंत्रीगण, सांसद, मंत्री और विधायक भी उपस्थित रहे। इस दौरान परियोजना को उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।




