एसएसपी ने गूलर व शिवपुरी पुलिस चौकियों का किया आकस्मिक निरीक्षण

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल, 01 जनवरी 2026। जनपद टिहरी गढ़वाल में पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री आयुष अग्रवाल ने गुरुवार को पुलिस चौकी गूलर एवं पुलिस चौकी शिवपुरी का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान गूलर पुलिस चौकी के लिए चिन्हित भूमि का भी स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के समय वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने गूलर चौकी हेतु चिन्हित भूमि की स्थिति, सीमांकन, अभिलेखीय स्थिति तथा भविष्य में प्रस्तावित पुलिस चौकी के निर्माण एवं विकास से जुड़े पहलुओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि से जुड़े सभी अभिलेख अद्यतन रखे जाएं और किसी भी प्रकार की कानूनी अथवा प्रशासनिक बाधा को समय रहते विभागीय समन्वय से दूर किया जाए, जिससे निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो।
इसके उपरांत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस चौकी शिवपुरी का भी आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान चौकी परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों का रख-रखाव, शस्त्रागार, मालखाना, सीसीटीवी व्यवस्था तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की उपस्थिति एवं कार्यप्रणाली का सूक्ष्म अवलोकन किया गया।
उन्होंने चौकी प्रभारी एवं उपस्थित पुलिसकर्मियों को अनुशासन, समयपालन, जनसुनवाई की गुणवत्ता, पर्यटकों एवं आम नागरिकों से शालीन व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए। शिवपुरी क्षेत्र में पर्यटकों की अधिक आवाजाही को देखते हुए सतर्कता बढ़ाने, नियमित पेट्रोलिंग, यातायात व्यवस्था सुचारू रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सदैव तत्पर रहने के निर्देश भी दिए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जनपद में पुलिस अवसंरचना का विकास एवं पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना उनकी प्राथमिकता है, ताकि आम नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी एवं संवेदनशील पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी नरेंद्र नगर श्री सुरेंद्र सिंह भंडारी, प्रभारी निरीक्षक थाना मुनि की रेती श्री प्रदीप चौहान, उप निरीक्षक श्री प्रदीप रावत, चौकी प्रभारी गूलर सहित चौकी प्रभारी शिवपुरी उप निरीक्षक श्री विनोद कुमार एवं अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!