2027 के विधानसभा चुनाव और संगठन की मजबूती को लेकर हुआ मंथन, वरिष्ठ नेताओं ने दिए मार्गदर्शन
हरिद्वार। भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक शनिवार को हरिद्वार स्थित प्रेमनगर आश्रम में आयोजित हुई। बैठक में आगामी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठन की मजबूती और पार्टी के आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में शामिल राज्यमंत्री एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मिले मार्गदर्शन और संगठनात्मक टिप्स से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है। उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश प्रभारी राम माधव सहित वरिष्ठ नेताओं ने संगठन को मजबूत बनाने तथा आगामी कार्ययोजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बैठक में मिले मार्गदर्शन से कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए नई दिशा और प्रेरणा मिली है। पार्टी कार्यकर्ता पूरे उत्साह और समर्पण के साथ संगठन की मजबूती के लिए काम करेंगे।
बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री (संगठन) फणींद्र नाथ शर्मा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी अरविंद मेनन, सांसद एवं सह प्रभारी बांसुरी स्वराज, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत सहित प्रदेश के मंत्री, विधायक, दायित्वधारी, प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, जिला पदाधिकारी और पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।




