युवाओं के लिए पांच माह का निःशुल्क कंप्यूटर डिप्लोमा प्रशिक्षण शुरू

Govind Pundir
2 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 27 फरवरी 2026। उत्तराखंड बहुउद्देशीय वित्त एवं विकास निगम द्वारा संचालित प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के अंतर्गत एडवांस डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन, एकाउंटिंग एंड पब्लिकेशन का पांच माह का निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम बौराड़ी स्थित स्कॉलर फाउंडेशन में विधिवत रूप से प्रारंभ हो गया है।
जिला मुख्यालय नई टिहरी के बौराड़ी स्थित संस्थान में मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित समिति के जिला अध्यक्ष प्रीति सिंह चौहान तथा स्कॉलर फाउंडेशन के सचिव दिनेश तोपवाल ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि छात्र-छात्राएं इस निःशुल्क प्रशिक्षण का पूरा लाभ उठाते हुए मेहनत और लगन के साथ अपने भविष्य को संवारें। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा यदि सही दिशा में प्रयुक्त हो तो सफलता अवश्य मिलती है।
उन्होंने विद्यार्थियों को कंप्यूटर और मोबाइल के सकारात्मक एवं रचनात्मक उपयोग पर बल देते हुए कहा कि डिजिटल तकनीक आज के समय में ज्ञान और रोजगार का सशक्त माध्यम बन चुकी है।
कार्यक्रम में संस्थान के अध्यक्ष दिनेश नकोटी ने जानकारी दी कि इस बैच में 42 छात्र-छात्राओं को 250 घंटे (पांच माह) का निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान नियमित उपस्थिति और गंभीर अध्ययन से छात्र-छात्राएं स्वरोजगार की दिशा में भी आगे बढ़ सकते हैं।
नकोटी ने कहा कि स्कॉलर फाउंडेशन ने अब तक सैकड़ों युवाओं को सफल प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार और आत्मनिर्भरता की राह दिखाई है। यहां से प्रशिक्षित कई छात्र-छात्राएं विभिन्न क्षेत्रों में सफलता प्राप्त कर चुके हैं।
कार्यक्रम में पत्रकार प्रमोद चमोली, संस्थान के सचिव दिनेश पंवार, अंकिता पंवार, निकिता पंवार सहित सभी प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जिले के युवाओं को तकनीकी दक्षता प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।


Please click to share News
Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!