मनवर सिंह सज्वाण सरस्वती शिशु मंदिर, चंबा का वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास के साथ संपन्न

टिहरी गढ़वाल 26 फरवरी 2026। मनवर सिंह सज्वाण सरस्वती शिशु मंदिर, चंबा का वार्षिकोत्सव हर्ष और उत्साह के वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक किशोर उपाध्याय ने दीप प्रज्वलित कर किया।
अपने संबोधन में विधायक ने विद्या भारती द्वारा संचालित विद्यालयों की संस्कारवान एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिक्षण संस्थान विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि शिशु मंदिरों से शिक्षित छात्र-छात्राएं जीवन भर भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों की छाप अपने आचरण में बनाए रखते हैं।

विशिष्ट अतिथि भाजपा नेता विनोद सुयाल ने कहा कि विद्या भारती के विद्यालय राष्ट्र निर्माण की सशक्त आधारशिला हैं, जो शिक्षा के साथ संस्कारों का समन्वय प्रस्तुत करते हैं।
नगर पालिका परिषद चंबा की अध्यक्ष शोभनी धनोला ने विद्यालय के शैक्षिक और सांस्कृतिक योगदान की सराहना करते हुए इसे आदर्श शिक्षा की रीढ़ बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुनील बडोनी ने की।
वार्षिकोत्सव के दौरान छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति, लोक संस्कृति और सामाजिक विषयों पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कवि दरबार, समूह नृत्य, नृत्य-नाटिका और गीतों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विशेष रूप से “जीवन की यही सच्चाई है, दुनिया क्यों पराई है?” शीर्षक नृत्य-नाटिका ने बदलती सामाजिक परिस्थितियों पर प्रभावशाली संदेश दिया, जिसकी अभिभावकों और अतिथियों ने खूब सराहना की।
विद्यालय के प्रधानाचार्य पूर्ण सिंह रावत ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम की सफलता का श्रेय आचार्यों एवं विद्यार्थियों की मेहनत को दिया।
प्रबंध समिति के अध्यक्ष जसवीर सिंह भंडारी ने विद्यालय की विकास यात्रा पर प्रकाश डाला। मुख्य वक्ता जिला निरीक्षक राकेश बहुगुणा ने अपने उद्बोधन में कहा कि विद्या भारती द्वारा रोपा गया शिक्षा का पौधा आज वटवृक्ष का रूप ले चुका है और इसके विद्यार्थी देश के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
इस अवसर पर विजेंद्र धनोला, अनिल कोठारी, डॉ. प्रमोद उनियाल, सुशील रावत, सूर्यमणी उनियाल, उत्तम पंवार, भगत सिंह भंडारी, इंद्रपाल सिंह परमार, सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’, सरोजिनी गैरोला, नीरज खत्री, चिंतामणि थपलियाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’


