ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना की समीक्षा: पारदर्शिता और समयबद्ध कार्यों के सख्त निर्देश

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल, 31 मार्च 2026। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन परियोजना की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी भी उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान डंपिंग यार्ड, मलेथा व नैथाणा में भूमि मुआवजा प्रकरण, नैथाणा मोटर मार्ग, तथा मलेथा रेलवे स्टेशन पर वीर शिरोमणि माधौ सिंह भंडारी की भव्य प्रतिमा स्थापित कर उनके जीवनवृत्त के प्रदर्शन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने मलेथा और नैथाणा के लंबित भूमि मुआवजा मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने उपजिलाधिकारी कीर्तिनगर को निर्देशित किया कि गठित समिति के साथ पारदर्शिता से पुनः सत्यापन कर जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि प्रभावित लोगों को समय पर मुआवजा राशि वितरित की जा सके।
बैठक में नैथाणा सड़क मार्ग के निर्माण में तकनीकी कारणों से हो रही देरी पर भी चर्चा हुई। इस पर आरडब्ल्यूडी घनसाली को कार्यदायी संस्था बनाए जाने के प्रस्ताव पर विचार किया गया।
इसके अलावा निर्माण कार्यों के दौरान प्रकाश व्यवस्था, पानी का छिड़काव, नैथाणा क्षेत्र में पुलों का निर्माण, रानीहार-देवली में लाइट व्यवस्था तथा निर्माण सामग्री के उचित रखरखाव जैसे बिंदुओं पर भी गंभीरता से चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने संबंधित कंपनियों और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्ध तरीके से आमजन के हितों को ध्यान में रखते हुए किए जाएं।
बैठक में ब्लॉक प्रमुख देवप्रयाग विनोद बिष्ट, कीर्तिनगर ब्लॉक प्रमुख अचला खंडेलवाल, आरबीएनएल के प्रोजेक्ट मैनेजर डीएन कुमार, डीजीएम भूपेंद्र सिंह, जीवीके के निदेशक संतोष रेड्डी, जीएम एचआर अरुण कुमार सिंह, तहसीलदार मोहम्मद सादब सहित जनप्रतिनिधि एवं निर्माणदायी संस्थाओं के अधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!