Ad image

नई दिल्ली में राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर उत्तराखंड के 10 ग्राम प्रधान सम्मानित, गांवों के विकास पर हुई विस्तृत चर्चा

Govind Pundir
3 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

नई दिल्ली, 24 अप्रैल 2026। राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर आज नई दिल्ली के विज्ञान भवन में केंद्रीय स्तर का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें देशभर के पंचायती राज प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में उत्तराखंड से भी 10 ग्राम प्रधानों को आमंत्रित किया गया, जिन्हें ग्रामीण विकास में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

उत्तराखंड से आमंत्रित ग्राम प्रधानों में रौलाकोट के ग्राम प्रधान अरविन्द नौटियाल, पटूड़ी के ग्राम प्रधान विजय शाह तथा भेंनगी के ग्राम प्रधान विकास खारोला सहित अन्य ग्राम प्रधान शामिल रहे। इस दौरान गांवों के समग्र विकास की रूपरेखा, स्थानीय स्वशासन को मजबूत करने तथा पंचायतों की भूमिका को प्रभावी बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई।

कार्यक्रम में पंचायती राज राज्य मंत्री एस.पी. सिंह बघेल, संयुक्त सचिव मुक्ता शेखर, राजेश कुमार सिंह, पंचायती राज केंद्रीय सचिव विवेक भारद्वाज तथा अपर सचिव सुशील कुमार लोहानी सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने उत्तराखंड से आए ग्राम प्रधानों के साथ बैठक कर ग्रामीण विकास योजनाओं पर विचार-विमर्श किया। बैठक में यह भी बताया गया कि पंचायतों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से 16वें वित्त आयोग के अंतर्गत धनराशि में लगभग 85 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश भी प्रसारित किया गया। 73वें संवैधानिक संशोधन के 33 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में डिजिटल पंचायत, स्वामित्व योजना (SVAMITVA) तथा e-GramSwaraj जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से स्थानीय शासन को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।

इस मौके पर पंचायत उन्नति सूचकांक (PAI) 2.0 की रिपोर्ट जारी की गई तथा ‘मेरी पंचायत मेरी धरोहर’ पहल के अंतर्गत उत्तराखंड और त्रिपुरा के गांवों की विरासत से संबंधित पुस्तकों का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा सहित विभिन्न राज्यों के निर्वाचित प्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भाग लिया। राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस, 24 अप्रैल 1993 को लागू हुए 73वें संवैधानिक संशोधन की वर्षगांठ के रूप में मनाया जाता है। इस वर्ष कार्यक्रम का मुख्य फोकस पंचायतों को सशक्त बनाने, डिजिटल साक्षरता बढ़ाने और आत्मनिर्भर गांवों के निर्माण पर केंद्रित रहा।


Please click to share News
Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!