टिहरी गढ़वाल । ओंकारानन्द सरस्वती राजकीय महाविद्यालय, देवप्रयाग में प्राचार्य डॉ. नर्वदेश्वर शुक्ल की अध्यक्षता में वार्षिकोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री ऋतांशु कंडारी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री अरविंद जियाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सांस्कृतिक समिति की संयोजक डॉ. सोनिया कौशिक एवं डॉ. रंजू उनियाल द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
मुख्य अतिथि श्री ऋतांशु कंडारी, जो केंद्रीय विश्वविद्यालय श्रीनगर गढ़वाल के पूर्व छात्रसंघ महामंत्री एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद उत्तराखंड प्रांत के पूर्व प्रदेश मंत्री रहे हैं, ने विद्यार्थियों को जीवन में शिक्षकों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कठिन परिश्रम और लगन के साथ अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर वर्ष भर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं तथा मुख्यमंत्री प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत चयनित छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं।
विशिष्ट अतिथि श्री अरविंद जियाल, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष देवप्रयाग महाविद्यालय एवं पूर्व ग्राम प्रधान ग्रामसभा तुणगी, ने अपने संबोधन में छात्र जीवन में मानवीय मूल्यों को अपनाने तथा युवा वर्ग को आधुनिकता के साथ-साथ परंपरागत जीवन मूल्यों को भी बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. नर्वदेश्वर शुक्ल ने सफल आयोजन के लिए सभी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छात्र-छात्राओं को महाविद्यालय में आयोजित प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने तथा परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में सांस्कृतिक समिति की संयोजक द्वारा सभी अतिथियों, प्राध्यापकों एवं छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया गया।इस अवसर पर छात्रसंघ प्रभारी डॉ. मो. इलियास, छात्रसंघ अध्यक्ष सुमित चौहान, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि आर्यनदीप सहित छात्रसंघ के सभी पदाधिकारियों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।




