चारधाम यात्रा 2026: स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर टिहरी प्रशासन अलर्ट

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल, 01 अप्रैल 2026। चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल के निर्देशों के अनुपालन में जनपद के सभी यात्रा मार्गों पर स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय ने जानकारी दी कि ऋषिकेश से गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ सहित अन्य तीर्थ स्थलों तक जाने वाले मार्गों पर यात्रियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। सभी प्रमुख मार्गों पर चिकित्सा इकाइयों की स्थापना की जा रही है, ताकि आपात स्थिति में तुरंत उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
उन्होंने बताया कि यात्रा सीजन के लिए जनपद में 22 चिकित्सा इकाइयों को चिन्हित किया गया है, जिन्हें संवेदनशील और अधिक भीड़ वाले स्थानों पर प्राथमिकता के आधार पर तैनात किया जाएगा। इसके अलावा पहले से तैनात चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे वे आपात परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपट सकें।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी चिकित्सा इकाइयों में पर्याप्त संख्या में डॉक्टर, स्वास्थ्यकर्मी, आवश्यक दवाइयां और उपकरण उपलब्ध रहें। चिकित्सकों को निर्देश दिए गए हैं कि यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को इलाज में परेशानी न हो।
गंभीर स्थिति में मरीजों को तत्काल उच्च चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए रेफरल व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि जरूरत पड़ने पर तुरंत उच्चाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर मरीज को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए।
प्रशासन का लक्ष्य है कि चारधाम यात्रा के दौरान हर श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम और स्वास्थ्य सुविधाओं से युक्त यात्रा अनुभव मिल सके।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!