नई टिहरी में कांग्रेस की जन आक्रोश रैली: सरकार पर भ्रष्टाचार, माफियाओं को संरक्षण और विकास उपेक्षा के गंभीर आरोप

Govind Pundir
3 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल, 17 अप्रैल 2026। नई टिहरी में आयोजित भव्य जन आक्रोश रैली में कांग्रेस नेताओं ने उत्तराखंड सरकार की नीतियों पर तीखा प्रहार किया। रैली में सैकड़ों की संख्या में पहुंचे ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं के बीच कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति अध्यक्ष हरक सिंह रावत, पीसीसी चीफ गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी ने सरकार पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने, खनन माफिया, भू-माफिया तथा शराब माफियाओं को खुला संरक्षण प्रदान करने के आरोप लगाए।

इन नेताओं ने राज्य की बदहाल स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए जनता से एकजुट होकर संघर्ष की अपील की।

रैली को संबोधित करते हुए हरक सिंह रावत ने सबसे पहले टिहरी मेडिकल कॉलेज के लंबे वादों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “सरकार ने टिहरी में मेडिकल कॉलेज खोलने का वादा किया था, लेकिन आज तक यह हकीकत नहीं बन सका। मैदानी इलाकों में तो मेडिकल कॉलेजों की भरमार हो गई, लेकिन हमारे पहाड़ी क्षेत्रों के लिए श्रीनगर मेडिकल कॉलेज ही एकमात्र सहारा है। यह उपेक्षा आम जनता की जिंदगी से खिलवाड़ है।

डॉ रावत ने पहाड़ी जिलों में जंगली जानवरों के बढ़ते हमलों पर भी चिंता जताई। उन्होंने बताया कि गुलदार और अन्य वन्यजीवों के आतंक से ग्रामीण दहशत में जी रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा। “सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है। उत्तराखंड के लोगों का स्वाभिमान और वीरता नजरअंदाज नहीं की जा सकती।

पीसीसी चीफ गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भी सरकार की भ्रष्टाचार-ग्रस्त छवि पर करारा हमला बोला। गोदियाल ने कहा कि खनन और शराब माफिया राज्य की कमर तोड़ रहे हैं, जबकि भू-माफिया गरीबों की जमीनें हड़प रहे हैं।

आर्य ने विकास कार्यों में हो रही देरी और बजट के दुरुपयोग पर सवाल उठाए, जो पहाड़ी अर्थव्यवस्था को चोट पहुंचा रहे हैं।

रैली के मुख्य वक्ता प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी ने स्थानीय मुद्दों को उजागर किया। उन्होंने प्रतापनगर क्षेत्र की लगातार उपेक्षा का खुलासा करते हुए कहा, “हमारे क्षेत्र की सड़कें जर्जर हालत में हैं, विकास योजनाएं वर्षों से लंबित हैं और जनहित की परियोजनाओं को जानबूझकर नजरअंदाज किया जा रहा है। सरकार से मांग है कि तत्काल ठोस कार्रवाई हो, वरना आंदोलन तेज होगा।

“इस मौके पर प्रतापनगर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं—जैसे सड़कों की खराब स्थिति, विकास योजनाओं में देरी और जनहित परियोजनाओं की उपेक्षा को लेकर डीएम के माध्यम से ज्ञापन भी भेजा गया।

रैली में कांग्रेस जिला अध्यक्ष मुरारीलाल खंडवाल, पूर्व अध्यक्ष राकेश राणा, पूर्व राज्य मंत्री प्रवीण भंडारी, पूर्व विधायक ओम गोपाल रावत, पूर्व विधायक जोत सिंह गुणसोला, महिला कांग्रेस अध्यक्ष आशा रावत, नरेंद्र चंद्र, रमोला, देवेंद्र नौडियाल, दर्शनी रावत, विजय गुनसोला, विजय पाल रावत, शहर अध्यक्ष कुलदीप पंवार समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!