दूरस्थ गांवों में नेटवर्क सुधार पर सख्त डीएम, बीएसएनएल से 30 अप्रैल तक मांगी विस्तृत रिपोर्ट

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल, 21 अप्रैल 2026। जनपद टिहरी गढ़वाल के दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की कमजोर स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने बीएसएनएल को कड़े निर्देश जारी किए हैं। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि जनसंचार सेवाओं को सुदृढ़ करना आपदा प्रबंधन, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।बैठक में विकासखण्ड भिलंगना के ग्राम गंगी, पिनस्वाड़, सेमल्थ, गेवली, सेन्दुल, द्वारी, देवलंगी, मुयालगांव, गेंवाली और नैल बौंसला सहित अन्य दूरस्थ क्षेत्रों में कमजोर नेटवर्क की समस्या पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने इन क्षेत्रों में नेटवर्क की खराब स्थिति पर नाराजगी जताते हुए बीएसएनएल अधिकारियों को तकनीकी टीम भेजकर स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही 30 अप्रैल 2026 तक विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि जहां नए मोबाइल टावर की आवश्यकता है, वहां प्रस्ताव तैयार कर अगली बैठक में प्रस्तुत किए जाएं। उन्होंने सभी दूरसंचार सेवा प्रदाताओं के बीच समन्वय स्थापित कर समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके।

बैठक में विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों एवं शिकायतकर्ताओं ने नेटवर्क समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया। इस दौरान ग्राम प्रधान सेन्दुल केमरा अमित जोशी, सेमल्थ के अमित गौड़, पिनस्वाड़ के दिनेश बिष्ट, द्वारी की अनुसूया देवी, नैल बौंसला की कुसुम नौटियाल, धर्म सिंह जखेड़ी, सुरेन्द्र सिंह सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बीएसएनएल के अधिकारी बैठक में मौजूद रहे, जबकि अन्य दूरसंचार कंपनियों के प्रबंधक वर्चुअल माध्यम से जुड़े।जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को जनसंचार सेवाओं में सुधार के लिए प्रभावी और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को बेहतर कनेक्टिविटी सुविधा उपलब्ध हो सके।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!