टीएचडीसी टिहरी व कोटेश्वर परियोजनाओं में 20 अप्रैल तक चलेंगे जागरूकता कार्यक्रम
टिहरी गढ़वाल 15 अप्रैल 2026। टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड की टिहरी एवं कोटेश्वर परियोजनाओं में तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की अग्निशमन इकाई द्वारा 14 अप्रैल को अग्निशमन सेवा दिवस के अवसर पर अग्नि दुर्घटनाओं में शहीद हुए वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित कर अग्निशमन सेवा सप्ताह का शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम के दौरान एक प्रतीकात्मक स्मारक स्थल स्थापित कर पुष्पचक्र एवं पुष्पांजलि अर्पित की गई। यह सप्ताह 20 अप्रैल 2026 तक मनाया जाएगा, जिसके अंतर्गत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर बताया गया कि 14 अप्रैल 1944 को मुंबई बंदरगाह पर खड़े जहाज एस.एस. फोर्ट स्टिकाइन में भीषण आग लगने से बड़ी दुर्घटना हुई थी। आग पर काबू पाने के दौरान कई अग्निशमन कर्मियों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी। उनके अद्वितीय साहस, समर्पण और सर्वोच्च बलिदान की स्मृति में प्रतिवर्ष 14 अप्रैल को राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा दिवस मनाया जाता है। इस दिन वर्षभर में अग्नि दुर्घटनाओं के दौरान शहीद एवं घायल हुए अग्निशमन कर्मियों को भी श्रद्धापूर्वक याद किया जाता है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कमांडेंट गौरव तोमर ने कहा कि अग्नि सुरक्षा केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामूहिक दायित्व है। उन्होंने सभी से अपने कार्यस्थलों और घरों में अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा जागरूकता फैलाने की अपील की। उन्होंने अग्निशमन कर्मियों के साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए उनके योगदान को समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणादायक बताया।
वर्ष 2026 के राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा दिवस की थीम “सुरक्षित विद्यालय, सुरक्षित चिकित्सालय एवं अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक समाज—आग की रोकथाम के लिए एक साथ” निर्धारित की गई है। 14 से 20 अप्रैल तक अग्नि सुरक्षा जागरूकता के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, सीआईएसएफ कार्मिकों के परिवार, टीएचडीसीआईएल के कर्मचारी तथा उनके परिजन भाग लेंगे।
इस मौके पर उप कमांडेंट दिनेश चंद्र शुक्ला, अपर महाप्रबंधक (सुरक्षा) वीरेंद्र दत्त सेमवाल, उप महाप्रबंधक (सुरक्षा) एच.पी. भट्ट, उप प्रबंधक (सुरक्षा) पुरुषोत्तम सिंह रावत, कनिष्ठ अभियंता आयुष मौर्य, हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी के कैलाश ठाकुर सहित सीआईएसएफ व टीएचडीसीआईएल के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




