टिहरी गढ़वाल। नवयुवक अभिनय श्री रामकृष्ण लीला समिति 1952, टिहरी द्वारा आयोजित होने वाली भव्य रामलीला के तहत रविवार को हनुमान ध्वज स्थापना कार्यक्रम धूमधाम से संपन्न हुआ। इस अवसर पर शहर में आकर्षक शोभा यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, कलाकारों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शोभा यात्रा हनुमान चौक से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से होती हुई रामलीला मंच, बौराड़ी स्टेडियम पहुंची।
यात्रा के दौरान भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, सीता, हनुमान सहित विभिन्न धार्मिक झांकियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। भजन-कीर्तन, ढोल-नगाड़ों और जयकारों से पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में रंग गया।रामलीला मंच, बौराड़ी स्टेडियम पहुंचने पर विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हनुमान ध्वज की स्थापना की गई।
कार्यक्रम में समिति पदाधिकारियों ने आगामी रामलीला के सफल आयोजन का संकल्प लिया और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
समिति के अध्यक्ष देवेंद्र नौडियाल के अनुसार रामलीला मंचन के लिए रिहर्सल भी प्रारंभ कर दी गई है। पात्र चयन एवं अभ्यास प्रतिदिन रामलीला मंच, बौराड़ी स्टेडियम में आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें युवा कलाकार बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं।समिति ने जानकारी दी कि इस वर्ष भव्य एवं आधुनिक तकनीक के साथ रामलीला का मंचन आगामी 20 मई से किया जाएगा। आयोजन को लेकर मंच सज्जा, प्रकाश व्यवस्था, ध्वनि प्रणाली और विशेष झांकियों की तैयारियां भी तेजी से की जा रही हैं।समिति ने क्षेत्र की जनता से अपील की है कि रामलीला में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धार्मिक आयोजन को सफल बनाएं और स्थानीय कलाकारों का उत्साह बढ़ाएं।




