चंबा में पुलिस का जन संवाद: बाजार में भारी वाहनों पर लगेगी रोक, सत्यापन अभियान तेज करने के निर्देश

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 09 अप्रैल। अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल दीपक सिंह एवं क्षेत्राधिकारी चंबा महेश लखेड़ा ने गुरुवार को कोतवाली चंबा परिसर में व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों, टैक्सी-बस यूनियन, नगरपालिका परिषद चंबा के अधिकारियों तथा व्यापार मंडल पदाधिकारियों के साथ जनसंवाद किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने पुलिस से संबंधित समस्याएं और सुझाव रखे।
जनसंवाद में अधिकांश व्यापारियों ने कस्बा चंबा में बढ़ती यातायात समस्या तथा बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन की आवश्यकता उठाई। इस पर अपर पुलिस अधीक्षक ने बाजार क्षेत्र में स्कूल खुलने और छुट्टी के समय भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूल प्रबंधन से समन्वय कर अलग-अलग समय पर छुट्टी कराने के लिए थानाध्यक्ष को निर्देशित किया गया।
बैठक में नाबालिगों द्वारा दुपहिया वाहन चलाने पर सख्त चालान कार्रवाई, बाहरी लोगों के सत्यापन अभियान को तेज करने तथा होटल-ढाबों में शराब परोसने की शिकायतों पर नियमित पुलिस चेकिंग के निर्देश भी दिए गए। प्रभारी निरीक्षक चंबा को मीडिया और सीएलजी सदस्यों के साथ मासिक संवाद आयोजित करने के निर्देश देते हुए लोगों से अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई।
जनसंवाद के बाद अपर पुलिस अधीक्षक ने कोतवाली का आकस्मिक निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई, कार्यालय, मालखाना, हवालात, भोजनालय, आगंतुक डेस्क, महिला एवं शिशु कल्याण पटल, सीसीटीएनएस और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था का जायजा लिया, जो संतोषजनक पाई गई।
उन्होंने लंबित विवेचनाओं और शिकायती प्रार्थना पत्रों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। अंत में थाने में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक लेकर उनकी समस्याएं सुनीं तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!