रायवाला 14 अप्रैल। बैसाखी पर्व के शुभ अवसर पर प्रतीतनगर में आयोजित भव्य धार्मिक कार्यक्रम में सनातन धर्म विकास परिषद उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त) नृसिंह पीठाधीश्वर स्वामी रसिक महाराज का आगमन हुआ। उनके आगमन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन, अखंड रामायण, एकादशी व्रत कथा एवं सत्संग का आयोजन किया गया। संत समाज एवं आयोजकों द्वारा स्वामी जी का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया।
अपने प्रवचन में स्वामी रसिक महाराज ने बैसाखी पर्व के महत्व को बताते हुए कहा कि यह पर्व हमें परिश्रम, समर्पण और ईश्वर के प्रति आस्था का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि संतों का जीवन त्याग और सेवा का प्रतीक होता है, जिससे समाज को सही दिशा मिलती है।
उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को प्रेम, भाईचारे और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के अंत में कार्यक्रम की आयोजक उत्तराखंड आंदोलनकारी श्रीमती रोशनी कुकरेती को उनकी शादी की 50 वीं वर्षगांठ पर शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया और तत्पश्चात प्रसाद वितरण किया गया और सभी ने संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर साध्वी मां देवेश्वरी , राजेन्द्र देव कुकरेती , कमल कुकरेती, युवक मंगल दल प्रतीतनगर के अध्यक्ष रवि कुकरेती, आचार्य कैलाश घिल्डियाल, आचार्य प्रदीप नौटियाल, आचार्य बंसत भदूला, श्रीमती इन्दू तिवारी, सुरेश कुकसाल, श्रीमती रेखा पंत, श्रीमती रजनी चंदोला एवं बड़ी संख्या में भक्तजन उपस्थित रहे।




