हरिद्वार। सनातन धर्म विकास परिषद उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष एवं नृसिंह पीठाधीश्वर स्वामी रसिक महाराज ने मथुरा में यमुना नदी में श्रद्धालुओं से भरी नाव पलटने की घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना की।
स्वामी रसिक महाराज ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुखद घड़ी में पूरा समाज पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है। उन्होंने ईश्वर से परिजनों को धैर्य एवं संबल प्रदान करने की कामना की।
उन्होंने दुर्घटना में घायल श्रद्धालुओं के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी प्रार्थना करते हुए प्रशासन से राहत एवं बचाव कार्यों को तेजी से संचालित करने का आग्रह किया।
बता दें कि मथुरा के वृंदावन में शुक्रवार को यमुना नदी में बड़ा हादसा हो गया। नदी में बने पीपा पुल के पास पर्यटकों से भरी एक नाव पलट गई । हादसे में 10 पर्यटकों की मौत की खबर है, जबकि 22 लोगों को बचा लिया गया । कई लापता बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत-बचाव टीमें मौके पर पहुंच गईं।




