पौड़ी। जिला चिकित्सालय पौड़ी में करोड़ों रुपये की सीटी-स्कैन मशीन के खराब होने के मामले में शासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए तत्कालीन प्रमुख अधीक्षक को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के निर्देश पर की गई।
चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग को प्राप्त रिपोर्ट में सीटी-स्कैन मशीन के रखरखाव में गंभीर लापरवाही सामने आई है। बताया गया कि वर्ष 2022 से मशीन को बिना उचित सुरक्षा व्यवस्था के खुले में रखा गया, जिससे वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। करोड़ों रुपये की लागत से स्थापित यह मशीन आमजन को गंभीर बीमारियों के समय त्वरित जांच सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लाई गई थी।
मंत्री जी ने जांच में पाया कि संबंधित अधिकारियों ने अपने दायित्वों के निर्वहन में उदासीनता बरती तथा सरकारी संपत्ति के संरक्षण में आवश्यक सावधानी नहीं बरती। प्रथम दृष्टया तत्कालीन अधीक्षक डॉ. विजयेन्द्र भारद्वाज की जिम्मेदारी तय करते हुए शासन ने उन्हें निलंबित कर दिया है। साथ ही उनके विरुद्ध नियमानुसार विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत और पारदर्शी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या जनता के हितों की अनदेखी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




