टिहरी गढ़वाल, 31 मई। नई टिहरी के बौराडी स्टेडियम में चल रही ऐतिहासिक रामलीला के दशम दिवस पर धर्म और अधर्म के महासंग्राम का रोमांचक मंचन हुआ। कुंभकरण वध, मेघनाद वध और अंत में रावण वध के प्रभावशाली दृश्यों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। युद्ध प्रसंगों के जीवंत अभिनय, संवाद अदायगी और मंचीय प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह को देर रात तक बांधे रखा।
राम, लक्ष्मण, कुंभकरण, मेघनाद और रावण की भूमिकाओं में कलाकारों ने शानदार अभिनय का परिचय दिया। विशेष रूप से रावण वध के दृश्य पर पूरा पंडाल जय श्रीराम के उद्घोषों से गूंज उठा। दर्शकों ने कलाकारों की प्रस्तुति की मुक्त कंठ से सराहना की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत टिहरी गढ़वाल के उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला ने रामलीला समिति की व्यवस्थाओं और आयोजन की भव्यता की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसी सांस्कृतिक परंपराएं समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करती हैं। उन्होंने इस ऐतिहासिक आयोजन को क्षेत्र की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर बताया।
इस अवसर पर राड्स संस्था के संचालक सुशील बहुगुणा ने अपने संबोधन में कहा कि संस्था के नशा मुक्ति अभियान के तहत जनपद के लगभग 70 गांवों को नशामुक्त बनाने में सफलता मिली है। उन्होंने युवाओं से नशे के खिलाफ जनजागरण अभियान में सहभागी बनने और स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
दशम दिवस को उत्तराखंड आंदोलनकारी सम्मान दिवस के रूप में भी मनाया गया। कार्यक्रम में उपस्थित राज्य आंदोलनकारियों का रामलीला समिति द्वारा अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। इस दौरान आंदोलनकारियों के योगदान को याद करते हुए उनके संघर्षों को नमन किया गया।
कार्यक्रम में राड्स संस्था के संचालक सुशील बहुगुणा, प्रदेश महामंत्री महिला कांग्रेस दर्शनी रावत, पूर्व जिला पंचायत सदस्य रागिनी भट्ट, एनटीआईएस की निदेशक शालिनी जौली, टीएचडीसी के अपर मुख्य प्रबंधक मोहन सिंह सिरस्वाल, एसबीआई के मंडल प्रबंधक चहल, उत्तराखंड प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष गोविंद बिष्ट, पूर्व अध्यक्ष बार एसोसिएशन जय प्रकाश पांडे, जिला पंचायत सदस्य विजय पाल रावत, पत्रकार मुकेश रतूड़ी, धनपाल गुनसोला, गोविंद पुंडीर, रोशन थपलियाल, विजय दास सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन समिति के संरक्षक सतीश थपलियाल ने किया।
इस अवसर पर समिति के संयोजक डॉ. राकेश भूषण गोदियाल, संरक्षक मोहन सिंह रावत (अध्यक्ष नगर पालिका), कमल सिंह महर, महावीर उनियाल, देशभूषण जोशी, महासचिव अमित पंत, मनोज शाह, त्रिलोक चंद्र रमोला, राजेन्द्र असवाल, राकेश मोहन भट्ट, राकेश लांबा, भगवान चंद रमोला, मनोज राय, सुषमा उनियाल, रचना उनियाल, जशोदा नेगी, उर्मिला राणा, अनुराग पंत, गंगा भगत नेगी तथा समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों एवं श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर रामलीला के भव्य मंचन का आनंद लिया। रामलीला समिति ने सभी दर्शकों, अतिथियों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।




