महिलाओं के उत्पीड़न को लेकर हरीश रावत ने भाजपा सरकार को घेरा
टिहरी गढ़वाल। नई टिहरी के बौराड़ी स्टेडियम में आज से शुरू हो रही रामलीला के मंच पर 27वीं बाबा विश्वनाथ जगदीशिला डोली यात्रा का श्रद्धालुओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल के बीच बड़ी संख्या में लोगों ने डोली यात्रा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री Harish Rawat भी डोली यात्रा के साथ बौराड़ी पहुंचे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं रामलीला समिति ने डोली यात्रा के साथ चल रहे संयोजक एवं पूर्व मंत्री Mantri Prasad Naithani, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत तथा पूर्व विधायक घनसाली भीमलाल आर्य समेत पूरी टीम का गर्मजोशी से स्वागत किया।
रामलीला समिति अध्यक्ष देवेंद्र नौडियाल ने समिति की ओर से हरीश रावत को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस दौरान हरीश रावत ने पिछले 27 वर्षों से लगातार बाबा विश्वनाथ जगदीशिला डोली यात्रा का संचालन कर रहे मंत्री प्रसाद नैथानी की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
इस मौके पर यात्रा संयोजक मंत्री प्रसाद नैथानी ने कहा कि बाबा विश्वनाथ जगदीशिला डोली यात्रा का मुख्य उद्देश्य समाज में शांति, भाईचारा और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि यात्रा के माध्यम से देवभूमि उत्तराखंड की लोक संस्कृति, देवी-देवताओं की परंपरा और आध्यात्मिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की हजारों शक्तिपीठों और देवस्थलों को एक पहचान देने के लिए अब तक 432 देवालयों को चिन्हित किया जा चुका है। यात्रा का उद्देश्य हिमालय की आरती और उत्तराखंड की लोक आस्था का संदेश विश्वभर में पहुंचाना भी है।
मंत्री प्रसाद नैथानी ने कहा कि यात्रा समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य कर रही है। उन्होंने पलायन को उत्तराखंड के लिए बड़ी चुनौती बताते हुए कहा कि लोगों को अपने गांव, संस्कृति और देवी-देवताओं से जोड़कर ही इस समस्या का समाधान संभव है।
पत्रकारों से बातचीत में पूर्व मुख्यमंत्री श्री हरीश रावत ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर महिलाओं के उत्पीड़न के मामलों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर सरकार गंभीर नजर नहीं आ रही है। साथ ही उन्होंने समाज से महिला सम्मान और सुरक्षा के लिए एकजुट होने की अपील भी की।
कार्यक्रम के दौरान रामलीला समिति के तमाम सदस्य और कांग्रेस के नेता मौजूद रहे।




