Ad image

योग महाकुंभ में गूंजा स्वस्थ जीवन का संदेश, बौराड़ी स्टेडियम में बड़ी संख्या में लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

Govind Pundir
4 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल, 21 जून। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नई टिहरी के बौराड़ी स्टेडियम में भव्य योग महाकुंभ का आयोजन किया गया। आयुष मंत्रालय भारत सरकार, उत्तराखंड आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग के निर्देशन तथा जिला प्रशासन टिहरी गढ़वाल एवं जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों सहित बड़ी संख्या में योग प्रेमियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक टिहरी किशोर उपाध्याय एवं नगर पालिका परिषद नई टिहरी के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत सहित अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं भगवान धन्वंतरि वंदना के साथ किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस संबोधन का लाइव प्रसारण भी प्रतिभागियों को दिखाया गया।
मुख्य अतिथि विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग की प्राचीन भारतीय परंपरा को वैश्विक पहचान मिली है और आज विश्व के अनेक देश योग दिवस को उत्साह के साथ मना रहे हैं। उन्होंने सभी लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने तथा जल संरक्षण एवं प्रकृति संतुलन के प्रति भी जागरूक रहने का आह्वान किया।

जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि योग केवल एक दिन का आयोजन नहीं बल्कि स्वस्थ जीवन की निरंतर प्रक्रिया है। यदि हम वर्ष के 365 दिनों तक योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं तो शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकते हैं।
नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर नगर के निर्माण के साथ प्रकृति एवं योग के संतुलन से ही स्वस्थ समाज की कल्पना साकार हो सकती है।

नोडल अधिकारी डॉ. सत्यवीर सिंह रावत एवं सह नोडल अधिकारी डॉ. सिद्धि मिश्रा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में योग प्रशिक्षकों वैशाली जुयाल, सुरजीत चौहान और आशुतोष डबराल ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया। डॉ. सिद्धि मिश्रा ने मंच संचालन करते हुए योग के नियमित अभ्यास से होने वाले शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक लाभों की जानकारी दी।

कार्यक्रम में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग (Yoga for Healthy Ageing)” के अनुरूप लोगों को नियमित योग अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान समाज कल्याण विभाग द्वारा स्थापित नशा मुक्ति सेल्फी पॉइंट पर अतिथियों एवं प्रतिभागियों ने सेल्फी लेकर नशा मुक्त समाज निर्माण का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर अध्यक्ष नगर पालिका परिषद नई टिहरी मोहन सिंह रावत, सीडीओ वरुणा अग्रवाल, एडीएम शैलेन्द्र नेगी, डीएफओ पुनीत तोमर, डॉ सत्यवीर सिंह रावत, डॉ सिद्धि मिश्रा, डॉ हरीश भट्ट, डॉ कर्णपाल, डॉ विनोद रावत, डॉ तुषिता, भुबनेश्वर बड़ोनी, मनोज धीरवान, योग अनुदेशक वैशाली जुयाल, सुरजीत चौहान, आशुतोष डबराल, अभिदीप चमोली, उदय लाल, रमेश, मनोज राणा , रजनी सेमवाल, मेघा उनियाल, विकास बिजलवान, रघुवीर सिंह, विजय रमोला , प्रवीण रावत, सुरेश जोशी, जितेंद्र पुंडीर समेत विभागीय कार्मिक, जनप्रतिनिधि सहित स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


Please click to share News
Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!