Ad image

श्री देव सुमन विश्वविद्यालय को मिली नई सौगात, ट्रांजिट हॉस्टल एवं आवासीय परिसर का लोकार्पण

Govind Pundir
5 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने किया लोकार्पण, विश्वविद्यालय की प्रगति एवं विकास कार्यों की सराहना

टिहरी गढ़वाल । श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय, बादशाहीथौल में ट्रांजिट हॉस्टल एवं टाइप-05 आवासों के लोकार्पण का भव्य एवं गरिमामय समारोह आज सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय उच्च शिक्षा मंत्री, उत्तराखंड सरकार डॉ. धन सिंह रावत, माननीय विधायक टिहरी श्री किशोर उपाध्याय, कुलपति प्रो. एन. के. जोशी तथा अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके उपरांत राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत हुई।
मुख्य अतिथि माननीय उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विश्वविद्यालय परिसर में निर्मित ट्रांजिट हॉस्टल एवं टाइप-05 आवासों का लोकार्पण करते हुए कहा कि उच्च शिक्षा संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण आधारभूत सुविधाओं का विकास राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इन आवासीय सुविधाओं के निर्माण से विश्वविद्यालय के शिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बेहतर आवासीय वातावरण उपलब्ध होगा तथा शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों को और अधिक गति मिलेगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. एन. के. जोशी ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि का स्वागत करते हुए विश्वविद्यालय की विकास यात्रा, शैक्षणिक उपलब्धियों तथा भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ट्रांजिट हॉस्टल एवं आवासीय सुविधाओं का निर्माण विश्वविद्यालय परिवार के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जिससे संस्थान की कार्यक्षमता एवं कार्य संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ता मिलेगी। कुलपति प्रो. जोशी ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप विश्वविद्यालय में नवाचार एवं रोजगारोन्मुखी शिक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने घोषणा की कि वर्तमान शैक्षणिक सत्र से विश्वविद्यालय में MBA, MCA in AI तथा Tourism से संबंधित नवीन पाठ्यक्रम प्रारम्भ किए जाएंगे, जिससे प्रदेश के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारपरक उच्च शिक्षा के नए अवसर प्राप्त होंगे।
इस अवसर पर माननीय उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, माननीय विधायक श्री किशोर उपाध्याय तथा अन्य अतिथियों द्वारा विश्वविद्यालय की कौशल विकास एवं रोजगारोन्मुखी पहलों का भी शुभारंभ किया गया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने जानकारी दी कि विश्वविद्यालय मुख्यालय में शीघ्र ही रोजगारपरक व्यावसायिक सर्टिफिकेट एवं डिप्लोमा कार्यक्रम प्रारम्भ किए जाएंगे, जिससे युवाओं को कौशल आधारित शिक्षा एवं रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकेंगे। इसके अतिरिक्त क्षेत्रवासियों हेतु 15 दिवसीय निःशुल्क कम्प्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम आगामी 15 जून 2026 से आयोजित किया जाएगा। अतिथियों ने इन पहलों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं के कौशल विकास तथा आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान माननीय उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, माननीय विधायक श्री किशोर उपाध्याय, कुलपति प्रो. एन. के. जोशी तथा अन्य अतिथियों द्वारा ‘एक पेड़ माँ के नाम‘ अभियान के अंतर्गत विश्वविद्यालय मुख्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास के महत्व पर बल देते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान किया गया।
अपने संबोधन में माननीय उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विश्वविद्यालय द्वारा किए जा रहे शैक्षणिक एवं आधारभूत विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कुलपति प्रो. एन. के. जोशी के नेतृत्व में विश्वविद्यालय ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है तथा छात्र हित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए कई सकारात्मक पहल की हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार को इन उपलब्धियों के लिए शुभकामनाएं दीं।
माननीय विधायक टिहरी श्री किशोर उपाध्याय ने अपने संबोधन में विश्वविद्यालय में हो रहे विकास कार्यों एवं शैक्षणिक गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि कुलपति प्रो. एन. के. जोशी के नेतृत्व में विश्वविद्यालय निरंतर प्रगति कर रहा है तथा क्षेत्र के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने विश्वविद्यालय के उज्ज्वल भविष्य के लिए अपनी शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
समारोह में विश्वविद्यालय के अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं तथा विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामय उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन डाॅ0 हेमन्त बिष्ट उप परीक्षा नियंत्रक द्वारा किया गया। अंत में कुलसचिव श्री दिनेश चन्द्रा ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया, जिसके साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।


Please click to share News
Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!