टिहरी गढ़वाल 01 जून । वर्ष 1952 से निरंतर आयोजित हो रही नई टिहरी की ऐतिहासिक रामलीला का भव्य समापन रविवार को भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन और राम राज्याभिषेक के भावपूर्ण मंचन के साथ संपन्न हुआ। अंतिम दिवस की लीला ने श्रद्धालुओं और दर्शकों को भक्ति एवं उत्साह के रंग में सराबोर कर दिया।
समापन दिवस पर राम-हनुमान प्रेम और समर्पण का अत्यंत मार्मिक प्रसंग प्रस्तुत किया गया। मंचन के दौरान भगवान श्रीराम द्वारा भरत से कहा गया कि वे हनुमानजी के उपकारों से कभी उऋण नहीं हो सकते। इसके बाद श्रीराम ने हनुमानजी को आशीर्वाद देते हुए कहा कि जब-जब संसार में उनका नाम लिया जाएगा, हनुमानजी का नाम भी श्रद्धापूर्वक स्मरण किया जाएगा। इस भावपूर्ण दृश्य ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया और कलाकारों के जीवंत अभिनय की खूब सराहना हुई।
इस अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार एवं हवन-पूजन के साथ 11 दिवसीय धार्मिक यज्ञ का भी विधिवत समापन किया गया। श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुति अर्पित कर प्रदेश और समाज की सुख-समृद्धि तथा लोककल्याण की कामना की। पूरे आयोजन स्थल पर आध्यात्मिक और भक्तिमय वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय उपस्थित रहे, जबकि मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल एवं पूर्व राज्य मंत्री वीरेंद्र उनियाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। भाजपा के वरिष्ठ नेता जीतराम भट्ट, जिलाध्यक्ष उदय रावत तथा सभासद विजय कठैत सहित कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
अपने संबोधन में विधायक किशोर उपाध्याय ने रामलीला को भारतीय संस्कृति और सामाजिक मूल्यों की अमूल्य धरोहर बताते हुए इसके संरक्षण और संवर्धन की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने आगामी वर्ष रामलीला को और अधिक भव्य स्वरूप देने के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
समारोह के दौरान रामलीला समिति द्वारा सभी अतिथियों का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। वहीं रामलीला के कलाकारों तथा आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों को भी स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। समिति ने मंचन, संगीत, सजावट, तकनीकी व्यवस्थाओं और प्रचार-प्रसार में योगदान देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं की उपस्थिति में संपन्न हुई रामलीला एवं 11 दिवसीय यज्ञ का सफल समापन नई टिहरी की धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक परंपराओं को एक बार फिर नई ऊंचाई प्रदान कर गया।
राम राज्याभिषेक के साथ नई टिहरी की ऐतिहासिक रामलीला का भव्य समापन

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



