उत्तराखंड आंदोलन के अग्रणी योद्धा भगवान सिंह रावत “ठेकेदार जी” पंचतत्व में विलीन

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल, 02 जून । उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन के अग्रणी योद्धा, वरिष्ठ समाजसेवी एवं कांग्रेस के समर्पित कार्यकर्ता रहे ग्राम चापड़ा, पट्टी नग्गून, विकासखंड थौलधार निवासी भगवान सिंह रावत “ठेकेदार जी” (86 वर्ष) का 1 जून को उनके पैतृक आवास पर निधन हो गया। मंगलवार को धरासू स्थित भागीरथी तट पर हजारों लोगों की उपस्थिति में उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके ज्येष्ठ पुत्र ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार की रस्म पूरी की।
स्वर्गीय रावत स्वतंत्रता संग्राम की विचारधारा से प्रेरित व्यक्तित्व थे। उन्होंने अपना जीवन समाज सेवा, जनहित और उत्तराखंड राज्य आंदोलन को समर्पित किया। अपनी स्पष्टवादिता, सरल स्वभाव और जनसेवा के कारण वे क्षेत्र में अत्यंत सम्मानित थे। उनके निधन को क्षेत्र और समाज के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।
अंतिम संस्कार एवं श्रद्धांजलि सभा में पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश धनै, कांग्रेस नेता राकेश राणा, सैयद मुशर्रफ अली, आनंद सिंह बेलवाल, पराग जैन, वीरेंद्र सिंह रावत, सुनील जुयाल, स्वराज पवार, अजय रावत, नरेन्द्र सिंह नेगी, श्रीपाल सिंह चौहान, लब्बू नौटियाल सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता, जनप्रतिनिधि, कांग्रेस कार्यकर्ता और क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने भगवान सिंह रावत को उत्तराखंड आंदोलन, सामाजिक चेतना और जनसेवा का सच्चा प्रहरी बताते हुए उनके योगदान को याद किया तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। गौरतलब है कि उनके पुत्र जयवीर सिंह रावत वर्तमान में जिला बार एसोसिएशन टिहरी गढ़वाल के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता हैं।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!