टिहरी गढ़वाल, 04 जून । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्वेता चौबे के निर्देशन में टिहरी पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित की ₹52 हजार की धनराशि वापस कराने में सफलता हासिल की है।
जानकारी के अनुसार ढालवाला, मुनिकीरेती निवासी ओमप्रकाश पुरवाल साइबर ठगों के झांसे में आ गए थे। ठगों ने उन्हें भ्रामक जानकारी देकर मोबाइल फोन में एक फर्जी एपीके (APK) फाइल डाउनलोड करवाई। इसके माध्यम से साइबर अपराधियों ने उनके मोबाइल और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारियों तक पहुंच बनाकर खाते से धनराशि निकाल ली।
मामले की सूचना मिलते ही एसएसपी श्रीमती श्वेता चौबे के निर्देश पर साइबर सेल और मुनिकीरेती थाना पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। तकनीकी विश्लेषण और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संबंधित बैंकिंग संस्थानों से समन्वय स्थापित कर संदिग्ध खातों को फ्रीज कराया तथा आवश्यक कानूनी और तकनीकी प्रक्रिया पूरी की।
पुलिस की तत्परता का परिणाम रहा कि ठगी गई रकम में से ₹52 हजार सफलतापूर्वक पीड़ित के खाते में वापस करा दिए गए। अपनी मेहनत की कमाई वापस मिलने पर पीड़ित ने टिहरी पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए उसकी कार्यकुशलता और संवेदनशीलता की सराहना की।
टिहरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में एपीके फाइल डाउनलोड न करें और न ही किसी संदिग्ध लिंक, ऐप या कॉल के माध्यम से अपनी बैंकिंग एवं व्यक्तिगत जानकारी साझा करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
साइबर ठगों से छीनी रकम टिहरी पुलिस ने कराई वापस, पीड़ित को लौटाए ₹52 हजार

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



