स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने किया था शुभारंभ, ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को स्थानीय स्तर पर मिली विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं
टिहरी गढ़वाल 24 जुलाई। उप जिला चिकित्सालय (एसडीएच) नरेंद्र नगर में आयोजित तीन दिवसीय विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर का शुक्रवार को सफल समापन हो गया। 22 से 24 जुलाई तक चले इस शिविर में 650 से अधिक मरीजों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श और उपचार प्राप्त किया। शिविर का शुभारंभ उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने किया था।
स्वास्थ्य विभाग की पहल पर आयोजित इस शिविर का उद्देश्य दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके निकट ही विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना था, ताकि उन्हें इलाज के लिए बड़े शहरों की ओर न जाना पड़े।
शिविर में हड्डी रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग, नाक-कान-गला (ईएनटी) सहित विभिन्न विशेषज्ञ विभागों के चिकित्सकों ने मरीजों की जांच की। इस दौरान मरीजों को आवश्यक परामर्श, उपचार और स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन भी दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, तीन दिनों में 650 से अधिक मरीजों की जांच और उपचार किया गया। स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ सेवाएं मिलने से मरीजों का समय और आर्थिक व्यय दोनों बचे तथा उन्हें गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध हो सकी।
शिविर के सफल संचालन में विशेषज्ञ चिकित्सकों, चिकित्सा अधिकारियों, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ सहित स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि भविष्य में भी ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में इस प्रकार के विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि आमजन को समयबद्ध, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उनके नजदीकी अस्पतालों में उपलब्ध कराई जा सकें।




