कांवड़ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, डीएम-एसएसपी ने परखी तैयारियां

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 24 जुलाई। कांवड़ मेला-2026 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने शुक्रवार को मुनिकीरेती, तपोवन, जानकी पुल, रामझूला, बजरंग सेतु तथा प्रमुख पार्किंग स्थलों का संयुक्त निरीक्षण किया।

नगर पालिका सभागार, मुनिकीरेती में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य और पार्किंग व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाटों पर सुरक्षा चेन लगाने, गंगा के जलस्तर की लगातार निगरानी, पुलिस व एसडीआरएफ की पर्याप्त तैनाती, पुलों की सुरक्षा, बैरिकेडिंग तथा यात्रा मार्ग पर नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

श्रद्धालुओं की भीड़ नियंत्रित रखने के लिए लक्ष्मणझूला, जानकी सेतु और बजरंग सेतु पर व्यू-कटर लगाने तथा पुलों पर फोटो-वीडियो बनाने पर रोक लगाने को कहा गया। रामझूला पुल को यात्रा अवधि में अस्थायी रूप से बंद रखने की जानकारी भी दी गई।
डीएम ने पार्किंग स्थलों पर पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी, पार्किंग रेट सूची, स्मार्ट व मोबाइल टॉयलेट तथा खोया-पाया केंद्र की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही यात्रा मार्ग से अतिक्रमण हटाने, प्रमुख स्थानों पर एलईडी स्क्रीन, साइनेज और चेंजिंग रूम की व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा।
समीक्षा बैठक में डीएम ने सभी विभागों को यात्रा शुरू होने से पहले व्यवस्थाएं पूरी करने, 24×7 कंट्रोल रूम संचालित करने और नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि मेले के दौरान संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल, सीसीटीवी, ड्रोन निगरानी, क्यूआरटी और प्रभावी ट्रैफिक प्लान के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखी जाएगी।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!