टिहरी गढ़वाल 16 जुलाई। हरेला पर्व के अवसर पर प्रदेश के कृषि एवं जनपद टिहरी के प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने जौनपुर क्षेत्र के ग्राम परोगी में “हर गांव का यही पैगाम, एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र भी वितरित किए।
कृषि मंत्री ने प्रदेशवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हरेला उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और प्रकृति संरक्षण का प्रतीक पर्व है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का उल्लेख करते हुए सभी से अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण और पौधों का संरक्षण आवश्यक है। उन्होंने युवाओं, महिलाओं और सामाजिक संगठनों से इस जन अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।




