ऑपरेशन प्रहार: वर्षों से फरार ईनामी स्थायी ग़ैर जमानती वारंटी समेत दो गिरफ्तार

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 21 जुलाई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में जनपद टिहरी गढ़वाल में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत फरार और गैर-जमानती वारंटियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज़ी से जारी है। इसी क्रम में कोतवाली चंबा और थाना घनसाली पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए वर्षों से फरार ₹1,000 के इनामी स्थायी गैर-जमानती वारंटी समेत दो गैर-जमानती वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।

पुलिस के अनुसार, कोतवाली चंबा ने अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी चंबा के पर्यवेक्षण में कार्रवाई करते हुए माननीय अपर सिविल जज, टिहरी गढ़वाल द्वारा जारी स्थायी गैर-जमानती वारंट की तामील करते हुए हिमानन्द पंत पुत्र राखी राम, निवासी ग्राम कोटद्वारा, पोस्ट टिंगरी, थाना चंबा को 20 जुलाई को रानीचौरी-नकोट क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपी लंबे समय से न्यायालय में पेश नहीं हो रहा था, जिसके चलते उसे मफरूर घोषित किया गया था। वह ₹1,000 का इनामी स्थायी गैर-जमानती वारंटी भी था। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

वहीं थाना घनसाली पुलिस ने अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी टिहरी के पर्यवेक्षण में धारा 138 एनआई एक्ट से संबंधित गैर-जमानती वारंटी धर्म सिंह पुत्र भीम सिंह, निवासी ग्राम बनोली, पट्टी गोनगढ़ को गिरफ्तार किया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद उसे भी न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
इस कार्रवाई में कोतवाली चंबा से उपनिरीक्षक राकेश राणा, हेड कांस्टेबल शशिकांत और होमगार्ड ऋषिपाल, जबकि थाना घनसाली से अपर उपनिरीक्षक शशिकांत एवं आरक्षी भास्कर सिंह शामिल रहे।
एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत फरार अपराधियों एवं गैर-जमानती वारंटियों के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य न्यायालय के आदेशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना तथा जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखना है।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!