संतला देवी के पास उफनती नदी में फंसे 7 लोगों को SDRF ने बचाया

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

तेज बहाव के बीच टापू पर फंसे थे सभी, साहसिक रेस्क्यू अभियान से टली बड़ी दुर्घटना

देहरादून, 19 जुलाई। लगातार हो रही बारिश के चलते संतला देवी मंदिर के समीप नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से नदी के बीच बने टापू पर फंसे सात लोगों को राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) ने साहसिक अभियान चलाकर सकुशल बाहर निकाल लिया। समय रहते किए गए इस रेस्क्यू अभियान से एक बड़ी जनहानि टल गई।
रविवार को सीसीआर देहरादून से सूचना मिलने पर एसडीआरएफ पोस्ट सहस्त्रधारा से उप निरीक्षक राजबर राणा के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर और बहाव अचानक बढ़ गया था, जिससे सात लोग चारों ओर से उफनती धारा से घिरे टापू पर फंस गए थे। तेज बहाव के कारण उनके लिए स्वयं बाहर निकलना संभव नहीं था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ ने सिविल पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर विशेष रेस्क्यू उपकरणों की मदद से अभियान शुरू किया। तेज बहाव, फिसलन भरे तट और प्रतिकूल मौसम के बावजूद टीम ने जोखिम उठाते हुए सभी फंसे लोगों तक पहुंच बनाई और उन्हें एक-एक कर सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया।
एसडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई, प्रशिक्षित जवानों की सूझबूझ और बेहतर समन्वय के चलते सभी सात लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। रेस्क्यू के बाद सभी को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
बचाए गए लोगों में मुकेश (बल्लीवाला), सुशील, प्रेम कुमार, रोशन गुप्ता, राजीव, पवन सिंह तथा सूरज साहनी (सभी निवासी सीमा द्वार) शामिल हैं।
बारिश के मौसम को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने और जलस्तर बढ़ने की स्थिति में जोखिम न उठाने की अपील की है।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!