(गजा से डी.पी. उनियाल)
टिहरी गढ़वाल 18 जुलाई। नरेंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र के पोखरी क्वीली में आयोजित प्रगति क्लस्टर महिला समूह की बैठक के दौरान महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। योगा एसएमएस इंडिया फाउंडेशन की ओर से तीन महिलाओं को निःशुल्क सिलाई मशीनें प्रदान की गईं, जिससे उन्हें आत्मनिर्भर बनने और आय का स्थायी साधन विकसित करने में मदद मिलेगी।
बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत सदस्य जोत सिंह असवाल ने की। उन्होंने कहा कि सरकार और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं द्वारा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से अनेक स्वरोजगार योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि पोखरी क्वीली में हाल ही में महिलाओं के लिए निःशुल्क सिलाई प्रशिक्षण भी आयोजित किया गया था और अब सिलाई मशीनें मिलने से प्रशिक्षित महिलाएं अपने हुनर को रोजगार में बदल सकेंगी।
जोत सिंह असवाल ने योगा एसएमएस इंडिया फाउंडेशन की भावना बग्गा तथा जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री इशिता सजवाण का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में सराहनीय कदम है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी महिलाओं को विभिन्न सरकारी एवं स्वरोजगार योजनाओं का लाभ दिलाने के प्रयास जारी रहेंगे।
बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से पीआरपी गुड्डी देवी, पीएलवी मधु देवी, पूर्व प्रधान किरण विजल्वाण, बैंक सखी कृष्णा देवी, ग्रुप मोबिलाइजर प्रियंका, वरदान संस्था से गंभीर मनवाल, डॉ. मुकेश थपलियाल, सुरेंद्र सिंह, राजेश्वरी देवी, चंद्रिका विजल्वाण सहित बड़ी संख्या में महिला समूह की सदस्याएं उपस्थित रहीं।




