मेडिकल कॉलेज निर्माण को लेकर मुख्यमंत्री से वार्ता कल, संघर्ष समिति का प्रतिनिधिमंडल रखेगा पक्ष

Govind Pundir
5 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 23 अगस्त। टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मेडिकल कॉलेज निर्माण संयुक्त संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए आमंत्रित किया है। मुख्यमंत्री से समिति के प्रतिनिधिमंडल की वार्ता 24 अगस्त को सुबह 11 बजे होगी। वार्ता में टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय और भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत भी मौजूद रहेंगे।

रविवार को मेडिकल कॉलेज निर्माण संयुक्त संघर्ष समिति की ओर से गणेश चौक बौराड़ी स्थित धरना स्थल पर आयोजित प्रेस वार्ता में वरिष्ठ पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता श्री महिपाल नेगी जी ने बताया कि मुख्यमंत्री की ओर से वार्ता के लिए प्रस्ताव मिलने के बाद शनिवार को समिति की कोर कमेटी की बैठक आयोजित की गई। समिति में करीब 44 संगठन शामिल हैं, इसलिए बैठक में विचार-विमर्श के बाद मुख्यमंत्री से वार्ता के लिए प्रतिनिधिमंडल तय किया गया और उसकी सूची शासन को भेजी गई। प्रतिनिधिमंडल की सूची भेजे जाने के करीब आधे घंटे बाद भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत और टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय की ओर से समिति के पदाधिकारियों से फोन पर संपर्क किया गया। उन्हें बताया गया कि मुख्यमंत्री जी ने 24 अगस्त को सुबह 11 बजे वार्ता के लिए समिति को आमंत्रित किया है।
नेगी ने कहा कि मुख्यमंत्री के साथ होने वाली वार्ता को केवल औपचारिक मुलाकात तक सीमित न रखकर मामले से जुड़े सभी जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में गंभीरता से चर्चा की जाएगी। समिति की मांग है कि वार्ता में स्वास्थ्य मंत्री, टिहरी विधायक, चिकित्सा शिक्षा विभाग के सचिव, चिकित्सा शिक्षा निदेशक तथा टीएचडीसी के प्रतिनिधि मौजूद रहें, ताकि मेडिकल कॉलेज से जुड़े सभी तकनीकी, प्रशासनिक और निर्माण संबंधी पहलुओं पर सीधे चर्चा हो सके।
नगर पालिका टिहरी के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की प्रस्तावित फाइल किन परिस्थितियों में लंबित हुई और मेडिकल कॉलेज को नई टिहरी जिला मुख्यालय से हटाकर अन्य स्थान पर ले जाने को लेकर जो स्थिति और भ्रम सामने आया है, उस पर मुख्यमंत्री के समक्ष स्पष्ट पक्ष रखा जाएगा। जिला मुख्यालय में मेडिकल कॉलेज निर्माण को लेकर लंबे समय से क्षेत्र की जनता आंदोलनरत है और इसे किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने का निर्णय स्वीकार्य नहीं है।
प्रेस वार्ता में पालिका अध्यक्ष ने नई टिहरी जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं को मजबूत करने की मांग भी उठाई। कहा कि नई टिहरी जिला मुख्यालय है और जिले के सभी विकासखंडों तथा विधानसभा क्षेत्रों से लोग उपचार के लिए यहां पहुंचते हैं। ऐसे में जिला अस्पताल को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से लैस किया जाना जरूरी है। मांग की कि जिला अस्पताल में सीसीयू सहित आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार किया जाए, बेड की संख्या बढ़ाई जाए तथा चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य तकनीकी एवं मेडिकल कर्मचारियों के पद बढ़ाए जाएं।
समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री के साथ होने वाली वार्ता में इन सभी मुद्दों को प्रमुखता से रखा जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार टिहरी की जनता की भावनाओं को गंभीरता से लेते हुए मेडिकल कॉलेज निर्माण को लेकर स्पष्ट और सकारात्मक निर्णय लेगी।

श्री महिपाल नेगी ने बताया कि 24 अगस्त को मुख्यमंत्री के साथ वार्ता के बाद शाम तक वार्ता का पूरा अपडेट मीडिया के माध्यम से सार्वजनिक किया जाएगा।

उधर, मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर गणेश चौक बौराड़ी में संयुक्त संघर्ष समिति का धरना रविवार को भी जारी रहा। आज जिला बार एसोसिएशन की ओर से जयवीर सिंह रावत — अध्यक्ष, बार एसोसिएशन, उम्मेद सिंह रावत वरिष्ठ अधिवक्ता, शांति प्रसाद भट्ट पूर्व अध्यक्ष, ज्योति प्रसाद भट्ट, प्रेम सिंह बिष्ट, खेमराज सेमवाल, अरविंद सिंह खरोला, लक्ष्मी प्रसाद बडोनी, चंद्रभान सिंह राणा सचिव, बार एसोसिएशन, आनंद सिंह बेलवाल पूर्व अध्यक्ष, कविता भट्ट सह सचिव, मुकेश सिंह कुमाई, दिनेश मियां, सावन सिंह कैन्तुरा और सत्याग्रही जीतराम भट्ट धरने पर बैठे।

प्रेस वार्ता में समिति संयोजक डॉ राकेश भूषण गोदियाल, महिपाल नेगी, जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जयवीर सिंह रावत, देवेन्द्र नौडियाल, टी एस पुंडीर, त्रिलोक चंद रमोला, कुलदीप पंवार, भगवान सिंह रावत अध्यक्ष व्यापार मंडल, शिवराज सजवान अध्यक्ष व्यापार मंडल आदि मौजूद रहे।
Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!