हल्द्वानी ‘शुद्धिकरण’ प्रकरण को लेकर कांग्रेस मुखर, नई टिहरी और चंबा थाने में दी तहरीर

Govind Pundir
3 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 31 अगस्त। हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद कार्यक्रम स्थल के कथित ‘शुद्धिकरण’ किए जाने के मामले को लेकर कांग्रेस ने पुलिस से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज कर दी है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गणेश गोदियाल के निर्देश पर शहर एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने नई टिहरी और चंबा थाने में तहरीर देकर मामले में मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
शहर कांग्रेस कमेटी नई टिहरी के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पंवार के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता नई टिहरी कोतवाली पहुंचे और पुलिस को तहरीर सौंपी। पंवार ने कहा कि 8 अगस्त 2026 को हल्द्वानी में आयोजित मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा मंच का ‘शुद्धिकरण’ किया गया, लेकिन घटना के कई सप्ताह बीतने के बावजूद पुलिस की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई न होना गंभीर चिंता का विषय है।

वहीं, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चम्बा अध्यक्ष साब सिंह सजवाण के नेतृत्व में कांग्रेसजनों के प्रतिनिधिमंडल ने चंबा थाने पहुंचकर भी तहरीर दी। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि 8 अगस्त 2026 को हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद कुछ लोगों द्वारा कार्यक्रम स्थल का ‘शुद्धिकरण’ किए जाने की घटना को तीन सप्ताह बीत चुके हैं, लेकिन अब तक दोषियों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि एक ओर इस मामले में कार्रवाई नहीं की जा रही है, वहीं सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा की मांग उठाने वाले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है। उन्होंने कहा कि जातिवाद और सामाजिक भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाना राजनीति नहीं, बल्कि संविधान में निहित समानता और सामाजिक न्याय के मूल्यों की रक्षा का प्रयास है।
कांग्रेसजनों ने कहा कि देश बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान से चलता है और सामाजिक भेदभाव के किसी भी रूप को स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
नई टिहरी में तहरीर देने वालों में शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह पंवार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

वहीं चंबा में पूर्व विधानसभा प्रत्याशी नरेंद्र चंद रमोला, पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष सूरज राणा, पूर्व ब्लॉक प्रमुख सोबन सिंह नेगी, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष सुमन रमोला, पूर्व नगरपालिका उपाध्यक्ष बीना नेगी, पूर्व सभासद शिवी भंडारी, ब्लॉक कांग्रेस उपाध्यक्ष हरि सिंह मखलोगा, गिरवीर सिंह नेगी, बिजेंद्र सिंह नेगी, सुरेंद्र सिंह नेगी, उत्तम रावत, भद्रवीर सिंह सजवाण, बचन लाल, सुमित सिरसवाल, गबर सिंह नेगी सहित कई कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!