देहरादून 18 अगस्त। वीर शहीद केसरी चंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय डाकपत्थर में मंगलवार को नव प्रवेशी छात्र-छात्राओं के स्वागत के उद्देश्य से दीक्षारंभ समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए प्राचार्य प्रो डीएस नेगी ने नव प्रवेशी विद्यार्थियों को जीवन की नई जिम्मेदारियों, अनुशासन, नियमित अध्ययन तथा व्यक्तित्व विकास के प्रति जागरूक किया। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने तथा महाविद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रमीय अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम संयोजक डॉ अरविन्द मोहन पैन्यूली ने महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, पाठ्यक्रम, परीक्षा प्रणाली, छात्रवृत्ति, पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं, एनएसएस, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों, करियर एवं व्यक्तित्व विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
वरिष्ठ प्रध्यापक प्रो. राधेश्याम गंगवार ने विद्यार्थियों को अपने-अपने विषयों तथा उच्च शिक्षा एवं रोजगार की संभावनाओं के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया।
डॉ रोहित वर्मा ने विज्ञान संकाय, डॉ संगीता कैंतुरा ने कला संकाय, डॉ राजेश कुमार ने वाणिज्य संकाय एवं डॉ एसपी उनियाल ने बीबीए संकाय से सम्बंधित जानकारी छात्र छात्राओं को दी। डॉ मानवीरेंद्र कंडारी ने कहा कि महाविद्यालय में प्रवेश केवल एक नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के जीवन में नई संभावनाओं, नए अनुभवों और नए लक्ष्यों की शुरुआत है।





