टिहरी गढ़वाल 24 अगस्त। देवभूमि उद्यमिता योजना के अंतर्गत आज राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नई टिहरी में विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्यमिता, स्वरोजगार एवं स्टार्टअप के अवसरों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें उद्यमिता की दिशा में प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रीति कुमारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों को नौकरी की तलाश करने के साथ-साथ रोजगार सृजनकर्ता बनने की दिशा में भी आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने देवभूमि उद्यमिता योजना को विद्यार्थियों के कौशल एवं उद्यमिता विकास के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया।
कार्यक्रम की नोडल अधिकारी डॉ. हिमानी ने देवभूमि उद्यमिता योजना के उद्देश्यों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं विद्यार्थियों को मिलने वाले अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से योजना के अंतर्गत आयोजित होने वाली गतिविधियों में सक्रिय रूप से सहभागिता करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर श्री दिग्विजय सिंह, प्रोजेक्ट मैनेजर, देवभूमि उद्यमिता ने विद्यार्थियों को उद्यमिता विषय पर विस्तृत व्याख्यान दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को उद्यमिता की अवधारणा, सफल उद्यमी बनने के गुण, बिजनेस आइडिया की पहचान, नवाचार, स्टार्टअप की संभावनाओं तथा स्वरोजगार के विभिन्न अवसरों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी रुचि एवं कौशल के अनुरूप नए व्यावसायिक विचार विकसित करने चाहिए तथा उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रयास करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को उद्यमिता को केवल व्यवसाय के रूप में न देखकर समस्या के समाधान और रोजगार सृजन के अवसर के रूप में समझने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर डॉ. संजय,डॉ.पी.सी. पेनूली, डॉ. रंजना सिंह एवं डॉ. डी.के. भाटिया उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों को उद्यमिता एवं स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उद्यमिता एवं स्टार्टअप से संबंधित विभिन्न जानकारियां प्राप्त कीं तथा अपने विचार एवं जिज्ञासाएं भी साझा कीं।




