घनसाली के ग्राम ऋषिधर पट्टी भिलंग निवासी प्रो. सेमवाल ने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को सौंपा बायोडाटा
टिहरी गढ़वाल । उत्तराखंड से राज्यसभा की एक सीट को लेकर दावेदारों की सक्रियता के बीच घनसाली के ऋषिधर पट्टी निवासी सूर्य प्रकाश सेमवाल ने भी अपनी दावेदारी पेश की है। सेमवाल ने 24 सितंबर को भाजपा के वरिष्ठ नेताओं महेंद्र भट्ट, शिव प्रकाश, राम माधव, मेनन और बांसुरी स्वराज को अपना बायोडाटा सौंपा।
वर्तमान में प्रो. सेमवाल केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार के मीडिया सलाहकार हैं। इससे पहले जुलाई 2021 से फरवरी 2022 तक वे केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के मीडिया सलाहकार रह चुके हैं। सितंबर 2010 से जुलाई 2013 तक दिल्ली विश्वविद्यालय के पीजीडीएवी कॉलेज में हिंदी के असिस्टेंट प्रोफेसर (एडहॉक) के रूप में भी अध्यापन किया।
शैक्षणिक रूप से सेमवाल ने दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी में पीएचडी, एमए और एमफिल तथा हिसार की गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में एमए किया है। वे यूजीसी नेट भी उत्तीर्ण हैं।
सामाजिक एवं संगठनात्मक स्तर पर भी उनकी सक्रियता रही है। वे आरएसएस के पालम नगर सेवा प्रमुख, विश्व हिंदू परिषद के संस्कृत आयाम के राष्ट्रीय संयोजक, भारत संस्कृत परिषद के राष्ट्रीय महासचिव, उत्तराखंड एकता मंच के संयोजक तथा पर्वतीय लोकविकास समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित विभिन्न दायित्वों से जुड़े रहे हैं। वे भिलंगना क्षेत्र विकास समिति के अध्यक्ष भी हैं।
राज्यसभा के लिए प्रो. सेमवाल की दावेदारी के बाद अब पार्टी नेतृत्व के स्तर पर होने वाले निर्णय पर निगाहें टिकी हैं।




