पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश धनाई ने विद्यालय के करीब दो करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित भवन का किया लोकार्पण
टिहरी गढ़वाल 5 सितम्बर। राजकीय इंटर कॉलेज छापराधार में शनिवार को शिक्षक दिवस समारोह रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हर्षोल्लास से मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश धनै ने विद्यालय के करीब दो करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर विद्यालय के संस्थापक सदस्यों एवं शिक्षकों को शॉल ओढ़ाकर, प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यालय की पुस्तक ‘बुराँस’ का विमोचन भी किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश धनै ने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने विद्यालय में विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भवन निर्माण के लिए वित्तीय स्वीकृति दिलाई थी। आज इस नवनिर्मित भवन का लाभ छात्र-छात्राओं को मिल रहा है, यह उनके लिए खुशी की बात है।
उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। शिक्षक एक शिल्पकार की तरह विद्यार्थियों के व्यक्तित्व को गढ़कर उन्हें देश का जिम्मेदार नागरिक बनाने का कार्य करता है। भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च माना गया है, इसलिए शिक्षकों का सम्मान करना प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है।
समारोह में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों के योगदान को सराहा गया और उन्हें सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य गब्बर सिंह चौहान, पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख नरेंद्र चंद रमोला, चंबा व्यापार मंडल अध्यक्ष बलवीर पुंडीर, लाखीराम डबराल, पूर्व प्रधान देव सिंह पुंडीर, पीटीए संघ अध्यक्ष जितेंद्र सिंह, रणवीर सिंह, हिम्मत सिंह, प्रधान विनोद डबराल सहित विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक, छात्र-छात्राएं एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।




