कक्षा छह में 319 और कक्षा नौ में 399 विद्यार्थियों ने हासिल की सफलता
टिहरी गढ़वाल 5 सितम्बर। मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति परीक्षा 2026-27 में जनपद टिहरी गढ़वाल के 718 छात्र-छात्राओं ने सफलता प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया है। परीक्षा में जिले के विभिन्न विद्यालयों के 802 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया था।
मुख्य शिक्षा अधिकारी टिहरी गढ़वाल, नरेन्द्रनगर की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार परीक्षा में कक्षा छह के 319 तथा कक्षा नौ के 399 छात्र-छात्राएं सफल हुए हैं। सफल विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के तहत छात्रवृत्ति का लाभ मिलेगा।
विकासखंडवार परिणाम में चंबा से कक्षा छह के 20 व कक्षा नौ के 27, कीर्तिनगर से 26 व 31, नरेन्द्रनगर से 33 व 49, देवप्रयाग से 22 व 30, थौलधार से 21 व 24, भिलंगना से 92 व 116, जाखणीधार से 9 व 13, प्रतापनगर से 45 व 50 तथा जौनपुर से 51 व 59 विद्यार्थी सफल हुए हैं।
इस प्रकार भिलंगना विकासखंड में सर्वाधिक 208 विद्यार्थी सफल रहे। वहीं जौनपुर से 110 और नरेन्द्रनगर से 82 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की।
मुख्य शिक्षा अधिकारी कमला बड़वाल ने सफल छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों, प्रधानाचार्यों, शिक्षकों तथा परीक्षा कार्य से जुड़े सभी कार्मिकों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि उनकी मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी इसी तरह मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।




