टिहरी गढ़वाल । विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर रविवार को कोटी कॉलोनी स्थित टिहरी झील के समीप पर्यटन विभाग एवं विभिन्न संस्थानों के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पर्यटन विकास, डिजिटल तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और पर्यावरण संरक्षण पर चर्चा की गई।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी सोबत सिंह राणा ने जनपद की पर्यटन संभावनाओं और विभिन्न पर्यटन गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक के माध्यम से टिहरी के पर्यटन स्थलों की जानकारी देश-दुनिया तक पहुंचाने और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज के विशेषज्ञों एवं विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों ने पर्यटन क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डिजिटल तकनीक के उपयोग पर विचार रखे। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल के कमांडिंग ऑफिसर विपिन मिश्रा ने पर्यटन के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता देने की बात कही।
इस अवसर पर हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज और स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट के छात्र-छात्राओं के बीच पर्यटन में डिजिटल तकनीक एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता की भूमिका विषय पर निबंध प्रतियोगिता हुई। प्रतियोगिता में प्रियंका जोशी ने प्रथम, शुभम तोपवाल ने द्वितीय और निखिल राज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान टिहरी झील एवं भागीरथी नदी क्षेत्र में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। नौकाओं के माध्यम से जल क्षेत्र से कूड़ा-कचरा एकत्र कर उसका उचित निस्तारण किया गया। इसके साथ ही पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित पर्यटन का संदेश दिया गया।
इस मौके पर हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज के प्रो. डॉ. विवेक कुमार, डॉ. सुलक्षणा शर्मा, पल्लव असवाल, जल क्रीड़ा निरीक्षक नवीन नेगी सहित पर्यटन विभाग, आईटीबीपी, विभिन्न संस्थानों के अधिकारी-कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।




