टिहरी गढ़वाल 3 सितम्बर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में मुनिकीरेती पुलिस ने 31 अगस्त की रात हुई लूट का 48 घंटे में खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 12,500 रुपये और Tecno Spark मोबाइल फोन बरामद किया है। दो आरोपियों से एक-एक चाकू भी बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार, शीशम झाड़ी निवासी हरेन्द्र सिंह भंडारी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि स्वामीनारायण आश्रम के पास तीन अज्ञात लोगों ने उनसे नकदी और मोबाइल लूट लिया। पुलिस ने करीब 50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और सुरागरसी के बाद अमन प्रसाद और अंकित को खारा स्रोत पुल के पास गिरफ्तार किया। अमन प्रसाद का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
NBW में वांछित वारंटी गिरफ्तार
कीर्तिनगर। टिहरी पुलिस के ऑपरेशन प्रहार के तहत कीर्तिनगर पुलिस ने न्यायालय से जारी गैर जमानती वारंट (NBW) में वांछित रोहित बिष्ट (27) को मढ़ी चौरास, चौरास पुल के पास से गिरफ्तार किया। रोहित के विरुद्ध न्यायालय में धारा 304 एवं 201 भादवि के तहत मामला विचाराधीन है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।




