प्रधानाचार्य बीडी कुनियाल उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान से सम्मानित, बबीता ने प्रांत स्तर पर 800 व 1500 मीटर दौड़ में मारी बाजी
टिहरी गढ़वाल 8 सितम्बर । सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज नई टिहरी ने शिक्षा, खेल एवं सहगामी गतिविधियों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य बीडी कुनियाल को उनके उत्कृष्ट शैक्षिक एवं छात्रहित के कार्यों के लिए उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया।

विद्यालय शिक्षा विभाग, उत्तराखंड की ओर से जारी प्रशस्ति पत्र में प्रधानाचार्य बीडी कुनियाल द्वारा गत वर्ष शिक्षा-शिक्षण के क्षेत्र में छात्रहित में किए गए शैक्षिक नवाचार एवं उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की गई है। विभाग ने उनके कार्यों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार छात्रहित में योगदान देने की अपेक्षा की है।
खेल के क्षेत्र में भी विद्यालय की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया है। प्रांत स्तर पर कोटद्वार में आयोजित प्रतियोगिता में विद्यालय की होनहार धाविका बबीता ने 800 मीटर और 1500 मीटर दौड़ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रांत में प्रथम स्थान हासिल किया।
विद्यालय की इन उपलब्धियों पर निवर्तमान प्रबंधक दिनेश डोभाल ने प्रधानाचार्य बीडी कुनियाल को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों का मार्गदर्शन और विद्यालय का अनुशासित वातावरण ही ऐसी उपलब्धियों का आधार है।




