पुरानी शिकायतों का 10 दिन में करें निस्तारण, माह के अंत में तैयार करें शिकायतों का विवरण
टिहरी गढ़वाल 11 सितंबर, 2026 । अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने शुक्रवार को तहसील गजा का निरीक्षण कर विभिन्न कार्यों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। तहसील पहुंचने पर नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान ने पुष्प भेंट कर उनका स्वागत किया।
अपर जिलाधिकारी ने तहसील के विभिन्न पटलों का निरीक्षण कर संचालित कार्यों की जानकारी ली तथा रिक्त पदों की स्थिति और विभिन्न पत्रावलियों का अवलोकन किया। उन्होंने तहसील में प्राप्त जन शिकायतों का माहवार रिकॉर्ड व्यवस्थित रूप से दर्ज न होने पर शिकायत रजिस्टर तैयार कर नियमित रूप से रिकॉर्ड मेंटेन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुरानी लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर 10 दिन के भीतर निस्तारित किया जाए तथा माह के अंत में प्राप्त, निस्तारित एवं लंबित शिकायतों का विवरण तैयार किया जाए।
उन्होंने मॉडल रिकॉर्ड रूम में दस्तावेजों के रखरखाव का निरीक्षण किया तथा तहसील के बस्ते और वर्षवार अभिलेखों का भी अवलोकन किया। इसके साथ ही तहसील क्षेत्र का नजरी नक्शा देखकर संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली।
नगर पंचायत क्षेत्र में आधार कार्ड एवं श्रमिक कार्ड बनाने के लिए सीएससी सेंटरों को स्वीकृति दिए जाने के संबंध में भी जानकारी ली। आधार कार्ड बनाने की व्यवस्था बंद होने पर अपर जिलाधिकारी ने संबंधित आधार ऑपरेटर से दूरभाष पर वार्ता कर जिला प्रबंधक के समन्वय से आधार मशीन शीघ्र चालू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तहसील में आधार कार्ड बनवाने की व्यवस्था जल्द सुचारू की जाएगी। निरीक्षण के दौरान तहसील भवन में रंग-रोगन एवं लघु मरम्मत की आवश्यकता पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस दौरान तहसीलदार राजेन्द्र सिंह गुनसोला, कानूनगो पवन कुमार, प्रदीप सिंह बागड़ी, राजस्व उप निरीक्षक नरेंद्र सिंह राणा सहित तहसील के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।




