‎सिटी गैस वितरण व्यवस्था के विस्तार को लेकर डीएम ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

Govind Pundir
3 Min Read
खबर को सुनें

सिटी गैस नेटवर्क के विस्तार की तैयारी तेज, डीएम ने बढ़ाया कनेक्शन का लक्ष्य

टिहरी गढ़वाल 03 सितंबर, 2026 । सिटी गैस वितरण संरचना के विकास, क्रियान्वयन एवं स्थापना के संबंध में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जिलाधिकारी ट्रांजिट कैंप कार्यालय, मुनिकीरेती में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में सिटी गैस वितरण व्यवस्था के विस्तार, आवश्यक आधारभूत संरचना के विकास तथा प्रस्तावित कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर चर्चा की गई।

‎बैठक में जिलाधिकारी ने गैस पाइपलाइन बिछाने, घरेलू कनेक्शन के लक्ष्य एवं वितरण व्यवस्था के संबंध में गैसोंनेट के अधिकारियों से जानकारी ली। गैसोंनेट के अधिकारियों ने बताया कि मार्च 2027 तक जनपद में लगभग 250 से 300 पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस पर जिलाधिकारी ने लक्ष्य को बढ़ाने के निर्देश दिए।

‎जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में गैस पाइपलाइन बिछाई जानी है, वहां सड़क कटिंग एवं पाइपलाइन बिछाने की कार्ययोजना संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करते हुए तैयार की जाए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि पाइपलाइन बिछाने के दौरान सड़क की खुदाई तथा इसके बाद रेस्टोरेशन के कार्य में विभागीय स्तर पर समुचित समन्वय रखा जाए। उन्होंने कहा कि सड़क की खुदाई के बाद उसकी गुणवत्ता प्रभावित न हो तथा रेस्टोरेशन का कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए।

‎जिलाधिकारी ने कहा कि पाइपलाइन बिछाने एवं सड़क रेस्टोरेशन के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर उपस्थित रहें, ताकि कार्य की गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों का समय पर सत्यापन किया जा सके। उन्होंने गैसोंनेट के अधिकारियों को पीएनजी विस्तार के लिए राजस्व एवं वन विभाग के अधिकारियों से समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक भूमि का संयुक्त निरीक्षण तथा अन्य प्रक्रियाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

‎जिलाधिकारी ने कहा कि सिटी गैस वितरण व्यवस्था के विस्तार से क्षेत्रवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक ईंधन की उपलब्धता सुनिश्चित होगी। उन्होंने संबंधित विभागों एवं कार्यदायी संस्था को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

‎बैठक में डीएफओ नरेंद्रनगर दिगंत नायक, उप जिलाधिकारी नरेंद्रनगर आशीष घिल्डियाल, जिला पूर्ति अधिकारी सुनील बडोनी, अधिशासी अभियंता लोनिवि नरेंद्रनगर प्रवीण कर्णवाल, गैसोंनेट से मुकेश डंडरियाल एवं जितेंद्र नेगी, अधिशासी अधिकारी मुनिकीरेती बीपी भट्ट, अधिशासी अधिकारी नरेंद्रनगर आलम सिंह रावत, अधिशासी अधिकारी तपोवन अंजलि रावत सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!