टिहरी में मेडिकल कॉलेज की मांग न्यायोचित, लेकिन निर्धारित मानकों पर होना चाहिए काम: डॉ. धन सिंह नेगी

Govind Pundir
5 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 20 अगस्त। टिहरी के पूर्व विधायक डॉ. धन सिंह नेगी ने टिहरी में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज को लेकर कहा कि टिहरी में मेडिकल कॉलेज की मांग पूरी तरह न्यायोचित है और वह जनता की इस मांग के साथ हैं, लेकिन मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए निर्धारित मानकों और प्रक्रियाओं का पालन किया जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में यदि मेडिकल कॉलेज के लिए ठोस कार्य करने के बजाय जनता को आंदोलन के लिए मजबूर किया जा रहा है, तो यह उचित नहीं है।
डॉ. नेगी ने कहा कि किसी भी मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए जनप्रतिनिधि द्वारा प्रस्ताव रखने के साथ ही सरकार, राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) और अन्य निर्धारित मानकों के अनुरूप आगे की प्रक्रिया पूरी करनी होती है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज के लिए पहले पर्याप्त भूमि की व्यवस्था, उसका संबंधित विभाग के नाम हस्तांतरण और इसके बाद डीपीआर तैयार किए जाने की प्रक्रिया होनी चाहिए। उनके अनुसार एक ही स्थान के बजाय तीन-चार संभावित स्थानों का प्रस्ताव सरकार के समक्ष रखा जाना चाहिए, ताकि एनएमसी की टीम निर्धारित मानकों के आधार पर उपयुक्त स्थान का चयन कर सके।
उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज के लिए सामान्य तौर पर करीब 20 एकड़ भूमि की आवश्यकता होती है और पहाड़ी क्षेत्रों के लिए मानकों में छूट की स्थिति में भी कम से कम 10 एकड़ भूमि की जरूरत हो सकती है। उन्होंने सवाल उठाया कि टिहरी में मेडिकल कॉलेज के लिए प्रस्तावित भूमि, अस्पताल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर सरकार के समक्ष ठोस दस्तावेज और आधार क्या हैं।
पूर्व विधायक ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना से पहले जिला चिकित्सालय को मानकों के अनुरूप मजबूत किया जाना चाहिए। नई टिहरी जिला चिकित्सालय में आईसीयू, सीसीयू, एमआरआई, अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे और पैथोलॉजी जैसी आवश्यक सुविधाएं विकसित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल को निर्धारित मानकों के अनुसार कम से कम तीन वर्ष संचालित किए जाने के बाद मेडिकल कॉलेज की दिशा में आगे बढ़ना अधिक व्यावहारिक होगा।
डॉ. नेगी ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना में करीब 1000 से 1500 करोड़ रुपये तक का निवेश हो सकता है। इतनी बड़ी धनराशि एक वर्ष के बजट में उपलब्ध कराना आसान नहीं है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में कुछ ही महीने शेष हैं, ऐसे में जनता को यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि मेडिकल कॉलेज को लेकर अब तक क्या ठोस प्रक्रिया हुई है और आगे इसे किस आधार पर बनाया जाएगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि टिहरी जनपद की लंबे समय से चली आ रही मांग को गंभीरता से लेते हुए टिहरी में ही मेडिकल कॉलेज की स्थापना की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि टिहरी बांध के कारण इस क्षेत्र ने देश और प्रदेश के लिए बड़ी कुर्बानी दी है। 37 गांव पूर्ण रूप से विस्थापित हुए, जबकि 88 गांव आंशिक रूप से प्रभावित हुए और पुराना टिहरी शहर बांध की झील में समाहित हो गया। ऐसे में टिहरी के लोगों का मेडिकल कॉलेज पर अधिकार और मांग पूरी तरह जायज है।
डॉ. नेगी ने कहा कि जब वह विधायक थे, तब उन्होंने टिहरी के विकास से जुड़े कई मुद्दों को सरकार के स्तर पर उठाने का प्रयास किया। कोविड-19 के कारण दो वर्ष प्रभावित होने के बावजूद उन्होंने विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज के मामले में भी इसी तरह योजनाबद्ध और ठोस तरीके से काम होना चाहिए था।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों से भी सवाल किया कि यदि मेडिकल कॉलेज की मांग और प्रस्ताव को सरकार के समक्ष गंभीरता से रखा गया था तो उसके दस्तावेज और आधार सार्वजनिक होने चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता की भावनाओं को आंदोलन की ओर ले जाने के बजाय सरकार और जनप्रतिनिधियों को मिलकर मेडिकल कॉलेज के लिए निर्धारित प्रक्रिया पूरी करानी चाहिए।
पूर्व विधायक ने दोहराया कि टिहरी में मेडिकल कॉलेज बनाया जाना चाहिए और वह इस मांग के साथ हैं, लेकिन इसके लिए केवल घोषणा या आंदोलन नहीं, बल्कि भूमि, अस्पताल, बजट, डीपीआर और एनएमसी के मानकों के अनुरूप ठोस कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने कहा कि टिहरी की जनता के साथ पूर्व में हुए विस्थापन और विकास संबंधी अन्याय को देखते हुए मेडिकल कॉलेज की मांग को सरकार को गंभीरता से लेना चाहिए।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!