संस्कारों से संवरता है जीवन, शिव भक्ति से मिलता है कल्याण : डॉ. दुर्गेश आचार्य

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 23 सितम्बर। बौराड़ी शहीद स्मारक में शिव महापुराण कथा के दसवें दिन टिहरी नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, पूर्व राज्य मंत्री श्री प्रवीण भंडारी, पूर्व विधायक श्री लाखीराम जोशी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुरारी लाल खंडवाल, कनिष्ठ प्रमुख विशन सिंह रांगड़ ने व्यास पीठ से आशीर्वाद प्राप्त किया।

कथा व्यास राष्ट्रीय संत डॉ. दुर्गेश आचार्य जी महाराज ने भगवान शिव के स्वरूप, पार्थिव शिवलिंग पूजा और संस्कारों के महत्व का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने कहा कि शिव की आराधना केवल कर्मकांड नहीं, बल्कि जीवन को सात्विक, संस्कारित और सेवाभावी बनाने का मार्ग है।
उन्होंने कोटि रुद्र संहिता का प्रसंग सुनाते हुए भगवान शिव के अनंत स्वरूपों और ज्योतिर्लिंगों की महिमा बताई। महाराज ने कहा कि कलियुग में पार्थिव शिवलिंग की पूजा सरल एवं कल्याणकारी साधना है। श्रद्धा और शुद्ध भाव से की गई शिव आराधना मनुष्य के जीवन में सकारात्मकता और आध्यात्मिक शांति लाती है।
महाराज ने माता-पिता से बच्चों को अच्छे संस्कार देने तथा युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखने का आह्वान किया। उन्होंने कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन, पर्यावरण संरक्षण और दीन-दुखियों की सेवा को भी धर्म का अभिन्न अंग बताया। गौ सेवा को पुण्य और समाज के प्रति करुणा का प्रतीक बताते हुए उन्होंने श्रद्धालुओं से गौ संरक्षण एवं सेवा के लिए आगे आने की अपील की।
कथा के दौरान शिव महिमा के भजनों और कीर्तन से शहीद स्मारक परिसर भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के जयकारों के साथ कथा का श्रवण कर धर्म, भक्ति और संस्कारों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

इस मौके पर टिहरी नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, पूर्व राज्य मंत्री श्री प्रवीण भंडारी, पूर्व विधायक श्री लाखीराम जोशी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुरारी लाल खंडवाल, कनिष्ठ प्रमुख विशन सिंह रांगड़ समेत गंगा विश्व शांति सद्भावना समिति के पदाधिकारी एवं मंडप आचार्य आदि मौजूद रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!